गिरिडीह।

डुमरी और तोपचांची के बॉर्डर के पास रविवार अहले सुबह हथियार से लैस 6 बदमाशों ने बस में बैठे एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। बस कोलकाता (पश्चिम बंगाल) से नवादा (बिहार) जा रही थी और इसी दौरान यह घटना हुई।

बस में मृतक के साथ नवादा निवासी उसका एक दोस्त भी था। घटना के बाद बदमाश व्यवसायी के बैग को लेकर बस से उतर पैदल ही भाग निकले। बैग में क्या था, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक की पहचान अभय कुमार के रूप में की गई। अभय की नवादा में गहनों की दुकान है। उसके साथ कोलकाता से लौट रहे दोस्त मनीष ने बताया कि वो कपड़े का व्यवसाय करता है। सुबह दोनों ही सो रहे थे। मनीष के अनुसार, अचानक उनकी नींद खुली तो देखा, बस रुकी हुई थी। कुछ नकाब पहने लोग उनके पास खड़े थे। जबकि दो बदमाशों ने ड्राइवर और खलासी की कनपटी पर रिवॉल्वर लगा रखा था।
मनीष के अनुसार, बदमाश अभय के पास मौजूद बैग को छिन रहे थे। पर अभय इसका विरोध कर रहा था। इसी दौरान बदमाशों ने अभय के सीने में गोली मार दी और बैग लेकर भाग निकले। माना जा रहा है कि बैग में कैश और गहने होंगे। ड्राइवर ने अभय और मनीष को भूजाडीह के मीना जनरल अस्पताल में उतारा और बाकी यात्रियों को लेकर आगे चला गया। मनीष के अनुसार, उसे यह भी पता नहीं है कि बदमाश बस में पहले से बैठे थे या फिर वो बीच रास्ते में बस पर चढ़े।


