रांची।
अब अगर घर के बाहर कचरा जमा किया तो आपकी खैर नहीं। रांची नगर निगम अब सख्ती से पेश आने वाली है।
शहर साफ सुथरा रहे, इसके लिए रांची नगर निगम अब हर गली-मोहल्ले में अभियान चलायेगी। अभियान के दौरान जिस घर के सामने कचरा मिलेगा, उसके गृहस्वामी से 500 रुपये जुर्माना वसूला जायेगा। इस दौरान लोग अगर यह तर्क देंगे कि पड़ोसी या किसी और व्यक्ति ने हमारे घर के सामने कचरा फेंक दिया है, तो यह मान्य नहीं होगा। नगर आयुक्त मुकेश कुमार ने शनिवार को कहा कि हम गली-मोहल्ले में स्वच्छता के लिए अभियान चलायेंगे, वहां किसी प्रकार की पंचायती नहीं करेंगे। इसलिए जुर्माना देना ही होगा।
उन्होंने कहा कि चेंबर के आग्रह पर शहर के सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को एक सप्ताह की मोहलत दी जा रही है। लोग एक सप्ताह के अंदर ट्रेड लाइसेंस बनवा लें। एक सप्ताह के बाद हमारा जांच अभियान फिर शुरू होगा। तब ट्रेड लाइसेंस नहीं पाये जाने पर दुकान या प्रतिष्ठान पर 25 हजार रुपये का जुर्माना किया जायेगा।
दरअसल, शहर की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए रांची नगर निगम की ओर से बीते एक माह से लगातार अभियान चलाया जा रहा है।