

गोड्डा।

अरे भाई चलो.. कहां रुक गए.. आज ट्रेन आने वाली है… हां .. हां .. जरा स्वेटर डाल लूँ.. चल भाई जल्दी कहीं ट्रेन पहुंच न जाये …. जी हाँ आज कुछ ऐसी ही गहमा-गहमी थी गोड्डा में… दरअसल, यहां पहली बार ट्रेन जो पहुंची। जिसे भी पता चला कोई पैदल तो कोई साइकिल तो कई मोटरसाइकिल से चल दिए रेलवे स्टेशन।

21 जनवरी 2021… ये तारीख गोड्डा वासियों के लिए एक यादगार तारीख के रूप में जानी जाएगी। दरअसल, आजादी के 73 वर्षों बाद पहली बार ट्रेन की सिटी यहाँ के लोगों को सुनाई दी है। गुरुवार को गोड्डा के रामनगर रेलवे स्टेशन तक पहली बार ट्रेन का सफल ट्रायल रन हुआ।
इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए आस पास के ग्रामीणों के अलावा तीन किलोमीटर दूर शहर से चलकर भी लोग स्टेशन तक पहुंचे और इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने. जब मालगाड़ी रामनगर रेलवे स्टेशन पहुंची तो वहां मौजूद लोगों की ख़ुशी उनके चेहरे से साफ़ झलक रही थी। इतना ही नहीं बच्चे हो या बड़े सभी बारी-बारी से मालगाड़ी पर चढ़ ट्रेन के डब्बे में चढ़ने जैसी फीलिंग को महसूस करने की कोशिश कर रहे थे।
इस दौरान स्थानीय लोग गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे का आभार प्रकट करते नहीं थक रहे थे। लोगों ने कहा कि आज निशिकांत दुबे की कोशिशों के बदौलत ही हमारा इलाके में ट्रेन का परिचालन सम्भव हो पाया है।
बता दें कि वर्ष 2015-16 में मिली हंसडीहा-गोड्डा नयी रेल लाइन परियोजना को स्वीकृति के बाद 2019 में हंसडीहा से पोडैयाहाट तक रेल सेवा का परिचालन शुरू हो गया था. बाकी बचे पोडैयाहाट से गोड्डा तक लगभग 20 किलोमीटर का काम 2020 में पूरा होना था, लेकिन कोरोना की वजह से काम बाधित हुआ। अब दोबारा रेलवे द्वारा काम को पुरे जोर शोर से शुरू किया गया. जिसका नतीजा ये हुआ कि गोड्डा के रामनगर तक पहली बार मालगाड़ी सिटी बजाते हुए आई।
इस दरम्यान मौके पर सांसद के प्रतिनिधि भी मौजुद थे। जिन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक पल की सभी को ख़ुशी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से हमसफ़र ट्रेन भी यहाँ तक आएगी।
वहीं, गोड्डा में ट्रेन ट्रायल को लेकर सांसद निशिकांत ने भी अपने फेसबुक वॉल पर ख़ुशी का इजहार किया। गोड्डा की जनता को बधाई देने के साथ-साथ सांसद ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मन्त्री पियूष गोयल का आभार प्रकट किया है।




