
Deoghar: बाबा मंदिर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आगमन पर निकास गेट एवं फिलपाया से जबरन प्रवेश करने एवं विधि व्यवस्था भंग करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। यह मामला तीन दंडाधिकारी क्रमश: कमलेश कुमार, शैलेन्द्र कुमार साह और यश राज के लिखित शिकायत पर बाबा मंदिर थाना में दर्ज किया गया है। जिसमें पंडा धर्मरक्षिणी सभा के महामंत्री निर्मल झा उर्फ मिन्टू सहित 20-25 अज्ञात पर मामला दर्ज कराया गया है।

कहा है कि उपरोक्त लोगों के द्वारा फिलपाया एवं निकास द्वार से प्रवेश करने के लिये जबरदस्ती की गयी साथ ही निकास द्वार पर भी नाजायज मजमा बनाकर धक्का- मुक्की करके सिक्यूरिटी को तोड़ने का प्रयास किया गया। कहा है कि मना करने पर जबरन किया जा रहा था एवं पुलिस प्रशासन एवं दंडाधिकारियों को गाली- गलौज एवं कई प्रकार की धमकी दी गयी।

दर्ज मामले में कहा गया है कि उक्त स्थल से पुलिस प्रशासन एवं दंडाधिकारियों द्वारा प्रवेश नहीं करने दिया गया तो उपरोक्त लोगों के द्वारा भीड़ को उकसाया गया एवं विधि व्यवस्था को भंग करने का काफी प्रयास किया गया। कहा गया है कि गर्भ गृह में पुजारी के रूप में श्रीनाथ पंडित उर्फ पिंकू महाराज, लम्बोदर परिहस्त, संजय झा, गुलाब श्रृंगारी एवं सुनील तन पुरिया को ही प्रवेश करने की अनुमति प्राप्त था।



