गुमला।
गुमला जिले के गुरदरी थाना क्षेत्र के जोभी पाठ बाजार से लौट रही तीन बच्चों की मां के साथ चार लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म (Gang Rape) किया। घटना 14 जनवरी की है। पीड़िता के पति ने मनोज मुंडा के अलावा अज्ञात तीन लोगों के खिलाफ गुरदरी थाना में FIR दर्ज कराया है। पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद रविवार को एक आरोपी मनोज मुंडा को गिरफ्तार कर पूछताछ कर रही है और बाकी आरोपियों के बारे में जानकारी ले रही है।
पीड़िता के अनुसार, वो 14 जनवरी को घर से जोभी पाठ बाजार के लिए निकली थी। बाजार से लौटने के क्रम में निनार पाठ गांव के मनोज मुंडा और उसके तीन साथी पीछे आ रहे थे। जैसे ही महिला ढंग बंधी जंगल के पास पहुंची तो अचानक उसे चारों ने पकड़ लिया और जंगल की ओर ले गए। वहां चारों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस दौरान महिला बेहोश हो गई थी।
पीड़िता के पति ने बताया कि देर रात तक जब पत्नी बाजार से घर नहीं लौटी तो उसे खोजने निकला। इसी बीच सड़क किनारे ढंग बंधी जंगल से कुछ युवकों की आवाज आ रही थी, जब वो उस तरफ गया तो पीड़िता के पति को देख सभी युवक भाग निकले। वहीं उसकी पत्नी बेहोश पड़ी थी। जिसे उठाकर वो घर लाया और पूरी घटना की जानकारी ली। अगले दिन आरोपी मनोज मुंडा के अलावा तीन अज्ञात लोगों पर गुरदरी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। पीड़िता तीन बच्चों की माँ है।
पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल करा लिया गया है जबकि एक आरोपी निनार पाठ निवासी मनोज मुंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। बाकी तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।