
हिसार: जिले में सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार तोशाम रोड पर खानक और नलवा के बीच एक ट्रैक्टर व कार के बीच टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक प्रिंस की कार अचानक लिंक रोड पर आए ट्रेक्टर से टकरा गई। भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। इसकी सूचना पर आसपास के ग्रामीणों ने पहुंचकर किसी तरह कार में फंसे घायलों को निकाला और इलाज के लिए भिजवाया। हादसे की खबर के बाद देर रात घायल और मृतकों के परिजन सिविल अस्पताल पहुंच गए। हादसे के बाद तीनों मृतकाें के परिवारों में मातम छा गया। सूचना मिलने पर मंगाली चौकी इंचार्ज हरीश कुमार मौके पहुंच गए।

हांसी के बजरिया चौक निवासी श्रीराम सोनी ने बताया कि उसका बेटा प्रिंस (23) बुकिंग पर कार चलाता है। वह किसी की बुकिंग लेकर भिवानी के लिए निकला था। इसके बाद वह देर शाम घर लौट आया। मगर इसी दौरान उसके दोस्त मनिपुरम दिल्ली वासी किशोर की नलवा वासी बुआ के बेटा का मंगलवार को मुंडन होना था। इसके लिए प्रिंस अपने दोस्त के साथ नलवा के लिए निकल पड़े। इस दौरान उनके साथ हांसी की जगदीश काॅलोनी वासी बलजीत, ढाणी राजू वासी अनूप एवं एक अन्य भी सवार हो गये। नलवा गांव में किशोर की बुआ से मिलने के बाद रात सभी दोस्त वापस लौट रहे थे। तभी लिंक रोड से अचानक ट्रेक्टर आ गया और हादसा हो गया। इसमें प्रिंस, बलजीत और किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। उनका दोस्त अनूप और एक अन्य घायल हो गया जिनका इलाज चल रहा है।
तीनों विवाहित थे, परिवारों में मातम
नलवा गांव के निकट हादसे के शिकार हुए तीनों युवा विवाहित थे। इनमें विवाहित प्रिंस एक बच्चे का पिता और अपने परिवार का इकलौता चिराग था। बलजीत (25) तीन बेटियों का पिता है। किशोर के दो भाई और एक बहन है। वह भी एक बच्चे का पिता है। तीनों के परिवारों में मातम छाया हुआ है।
आज होगा पोस्टमार्टम
तीनों मृतकों का मंगलवार को नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम होगा। तीन जवान दोस्तों की मौत से पूरे हांसी क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस ने कार व ट्रेक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है।


