
Hazaribagh : हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र स्थित दनुआ घाटी में रविवार देर रात चीख-पुकार मच गयी। जब घाटी के खतरनाक मोड़ पर तेज रफ्तार वाहनों का संतुलन बिगड़ने से करीब 10 वाहन एक-दूसरे से टकरा गए।

हादसा इतना भयावह था कि कई ट्रक, कंटेनर और चारपहिया वाहन एक दूसरे से टकरा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। एक वाहन सड़क किनारे पलट गया। वाहनों में सवार कई घायल हो गए। इस हादसे से वहां मौजूद हर कोई डर गया। पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घाटी में ढलान के कारण एक वाहन अनियंत्रित हो गया, जिसके बाद पीछे से आ रहे वाहन आपस में एक दूसरे से टकराते चले गए।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद दनुआ घाटी मार्ग पर लंबा जाम लग गया और कई घंटों तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क पर फैले मलबे और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए पुलिस ने क्रेन मंगाई। काफी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य कराया गया।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार और घाटी के मोड़ पर वाहन चालकों का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


