
Latehar : झारखंड के लातेहार जिले में एक बेहद दर्दनाक घटना हुई है। लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र स्थित लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर शनिवार को डेढ़टंगवा घाटी के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर ऑटो पर पलट गया। इस भीषण हादसे में घटनास्थल पर ही छह लोगों की मौत होने की खबर है।

जानकारी के अनुसार, एक ऑटो सवारियों को लेकर लोहरदगा-चंदवा मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान डेढ़टंगवा घाटी के संकरे मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रहा एक भारी कंटेनर अनियंत्रित होकर सीधे ऑटो के ऊपर ही पलट गया। टक्कर और दबाव इतना भीषण था कि ऑटो पूरी तरह से चकनाचूर हो गया और उसमें सवार यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सभी मृतक एक ही परिवार के थे।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर चंदवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। कंटेनर के नीचे ऑटो के दब जाने के कारण दबे हुए लोगों को बाहर निकालने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।
खबर लिखे जाने तक भारी क्रेन की मदद से कंटेनर को हटाकर ऑटो में फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही थी।
अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में हताहतों की संख्या में बदलाव हो सकता है, क्योंकि बचाव अभियान अभी भी जारी है।
लातेहार के डीएसपी संदीप कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की मौत हुई है। वहीं घायलों को अस्पताल ले जाया गया है, साथ ही कहा कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



