
Deoghar News : धनबाद के बरोरा थाना के एसआई प्रमोद कुमार टुडू साइबर ठगी से जुड़े एक मामले में आरोपी के सत्यापन एवं आगे की जांच के सिलसिले में कुंडा थाना पहुंचे। मामला धनबाद साइबर थाना कांड संख्या 29/2022 से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2022 में बरोरा थाना क्षेत्र के मुराईडीह कॉलोनी निवासी मणिलाल साव के बैंक खाते से 9 लाख 85 हजार 803 रुपये की साइबर ठगी कर अवैध निकासी की गयी थी।

मामले में मणिलाल साव के लिखित आवेदन के आधार पर धनबाद साइबर थाना में कांड संख्या 29/2022, दिनांक 20 अगस्त 2022 को धारा 419, 420 भादवि एवं 66 सी/66 डी आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। मामले के अनुसंधान के दौरान पुलिस को बैंक खातों के लेन-देन की जांच में पता चला कि साइबर ठगी की रकम में से 20 हजार रुपये देवघर जिले के कुंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत खिजुरिया, चांडीह निवासी पिंकु दास के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए हैं।
खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर होने का पुलिस को मिला सुराग

धनबाद साइबर पुलिस की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि वादी मणिलाल साव के एक्सिस बैंक खाते से अवैध रूप से हस्तांतरित की गयी ठगी की रकम में से 20 हजार रुपये पिंकु दास के बैंक ऑफ इंडिया के खाते में स्थानांतरित हुए। इसके बाद मामले के अग्रिम अनुसंधान के लिए पिंकु दास से पूछताछ आवश्यक बतायी गयी है।
इसी सिलसिले में धनबाद के बरोरा थाना के एसआई प्रमोद कुमार टुडू कुंडा थाना पहुंचे और संबंधित व्यक्ति के सत्यापन की कार्रवाई की। पुलिस मामले में बैंक खाते में पहुंची रकम के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटा रही है।
31 अगस्त तक अनुसंधानकर्ता के समक्ष उपस्थित होने का निर्देश
धनबाद साइबर थाना की ओर से पिंकु दास, पिता लक्ष्मण दास, निवासी खिजुरिया, पोस्ट चांडीह, थाना कुंडा, जिला देवघर के नाम जारी नोटिस में उन्हें 31 अगस्त 2026 तक कांड के अनुसंधानकर्ता पुलिस निरीक्षक मो. रूस्तम, कतरास अंचल, धनबाद के समक्ष सशरीर उपस्थित होकर पूछताछ में शामिल होने का निर्देश दिया गया है।
नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय तक उपस्थित नहीं होने पर यह समझा जाएगा कि उन्हें उक्त मामले के संबंध में कुछ नहीं कहना है तथा उनके विरुद्ध विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल धनबाद साइबर थाना पुलिस वर्ष 2022 में हुई 9 लाख 85 हजार 803 रुपये की साइबर ठगी के मामले में रकम के लेन-देन की कड़ी को खंगाल रही है। पिंकु दास के खाते में ट्रांसफर हुए 20 हजार रुपये को लेकर पुलिस सत्यापन और पूछताछ की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।



