
Deoghar News : देवघर नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। बिहार के पटना सिटी से पूजा-अर्चना के लिए बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचे 19 श्रद्धालु चोरों के निशाने पर आ गए। चोरों ने शिवगंगा के पास स्थित नेहरू पार्क में खड़ी ट्रेवलर गाड़ी का लॉक तोड़कर लाखों रुपये मूल्य की नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया।

जानकारी के अनुसार, पटना सिटी से आए 19 श्रद्धालु गुरुवार सुबह देवघर पहुंचे थे। सुबह करीब 8 बजे ट्रेवलर वाहन को शिवगंगा के समीप नेहरू पार्क में पार्क किया गया। उस समय चालक वाहन में ही मौजूद था, जबकि सभी श्रद्धालु बाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए चले गए।

कुछ देर बाद चालक भी वाहन को लॉक कर नाश्ता करने चला गया। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने वाहन का गेट लॉक तोड़ दिया और अंदर रखे सामान की चोरी कर फरार हो गए। चोरों ने वाहन से 10 मोबाइल फोन, 35 हजार रुपये नकद, 13 बैग तथा बैगों में रखे कपड़े, एटीएम कार्ड, मोबाइल चार्जर, क्रेडिट कार्ड, आधार कार्ड, तीन घड़ियां, पर्स समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 6 से 7 लाख रुपये बताई जा रही है। करीब चार घंटे बाद जब सभी श्रद्धालु पूजा कर मंदिर से वापस लौटे तो चालक ने उन्हें चोरी की घटना की जानकारी दी। वाहन का लॉक टूटा देखकर श्रद्धालुओं के होश उड़ गए।
घटना के बाद सभी पीड़ित नगर थाना पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराई।पीड़ित श्रद्धालुओं में पटना सिटी निवासी विजय कुमार सिंह, सुमित कुमार, अजय कुमार, राजन कुमार, सौरभ कुमार, अमित कुमार, अमरेंद्र कुमार, विकास राय, राहुल कुमार और आशीष ठाकुर सहित अन्य लोग शामिल हैं।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से श्रद्धालुओं में आक्रोश और भय का माहौल है। वहीं, नगर थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।


