
Deoghar: अलग-अलग स्थान पर हुए सड़क हादसे में जहां एक की मौत हो गई, वहीं तीन लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जमुई जिले के चकाई गिरिडीह मुख्य मार्ग पर बटपार के पास मंगलवार की अहले सुबह अनियंत्रित बाइक से गिरकर दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय पुलिस की मदद से दोनों को पहले इलाज के लिए चकाई स्थित रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां देखने के बाद डॉक्टर ने देवघर जिला के जसीडीह थाना क्षेत्र के खसपेका निवासी घनश्याम वर्मा को मृत घोषित कर दिया।

वही इस घटना में गंभीर रूप से घायल हुए जमुई जिला के सोनो थाना क्षेत्र के पैरामटिहाना निवासी रंजन कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। देवघर सदर अस्पताल के डॉक्टर ने उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
परिजनों ने बताया कि रंजन और घनश्याम आपस में रिश्तेदार हैं। दोनों बाइक से गिरिडीह जिला के देवरी थाना इलाके के गौरडीह गावं बारात में शामिल होने गए थे। मंगलवार की अहले सुबह वापस घर लौट रहे थे। उसी दौरान बटपार के पास बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
वहीं अन्य स्थानों पर हुए सड़क दुर्घटना में देवीपुर निवासी विकास यादव और बिहार के बांका जिला के चांदन थाना क्षेत्र के लहरनिया निवासी बबलू दास घायल हो गए। दोनों का इलाज सदर अस्पताल में किया जा रहा है।


