
Deoghar: देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना कोकहरा जोड़ी मोड़ के समीप बागा पातर पहाड़ी के पास की है।

रविवार की सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर शव पर पड़ी तो घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही जसीडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान गिरिडीह जिले के अल्हैया निवासी शालु साह के रूप में हुई है।
रिश्तेदार के घर आया था युवक
बताया जा रहा है कि युवक जसीडीह में अपने किसी रिश्तेदार के यहां आया हुआ था। ऐसे में अचानक इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
घटनास्थल और आसपास की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस हर पहलू पर बारीकी से जांच कर रही है। साथ ही मृतक के रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
पुलिस के अनुसार मामले की गहन जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।


