
Deoghar : गुगल पर कंपनी के नंबर के साथ छेड़छाड़ कर ठगी करने वाले चार साइबर ठगी के आरोपितों को साइबर थाना की पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपितों के पास से चार मोबाइल फोन व सात सिम कार्ड बरामद किया गया है।

पकड़े गए आरोपितों में जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र के तिलाैना गांव निवासी विष्णु कुमार दास, मधुपुर थाना क्षेत्र के मछुआटांड गांव निवासी देवनंदन कुमार दास, सारठ थाना क्षेत्र के पथरड्डा ओपी क्षेत्र के घघरजोर गांव निवासी कपिल देव महरा और खागा थाना क्षेत्र के पहरुडीह गांव निवासी दिसंबर राय शामिल हैं।

इन सभी को जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के पतारडीह के पास स्थित जंगल से पकड़ा गया है। पूछताछ करने पर इन आरोपितों ने बताया कि ये लोग गुगल पर विभिन्न कंपनी, बैंक, कुरियर कंपनी आदि के कस्टमर केयर नंबर से छेड़छाड़ कर उसमें अपना नंबर जोड़ देते हैं।
लोग जब परेशानी में पड़कर उस नंबर पर काल करत हैं तो ये साइबर ठग उनसे कंपनी का प्रतिनिधि बनकर फोन करते हैं। उसके बाद उपभोक्ताओं को मदद देने का झांसा देकर उन्हें ठगी का शिकार बना लेते हैं।
पूछताछ करने के बाद सभी आरोपितों केा जेल भेज दिया गया है। छापेमारी दल में पुलिस इंस्पेक्टर कृष्णदत्त झा, एसआइ टेकलाल मेहता, जसीडीह थाना प्रभारी दीपक कुमार शामिल थे।


