
Deoghar : रिखिया थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए ब्राउन शुगर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 जून को रिखिया थाना क्षेत्र के उर्जाडीह स्थित एक नवनिर्मित मकान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री होने की गुप्त सूचना मिली थी।

सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) देवघर चंद्रशेखर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पवन कुमार (20 वर्ष), पिता गोपालगंज यादव, निवासी कटहलिया, थाना मोहनपुर तथा राजीव कुमार सिंह (19 वर्ष), पिता भोला लाल महथा, निवासी रामपुर, थाना रिखिया को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान दोनों के पास से 3.35 ग्राम ब्राउन शुगर (पुड़िया सहित) तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने बरामद ब्राउन शुगर को जब्त करते हुए दोनों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। पूछताछ के बाद दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) चंद्रशेखर, रिखिया थाना प्रभारी प्रभात कुमार, पु.अ.नि. मो. शकील अहमद, पु.अ.नि. अनिल कुमार, पु.अ.नि. अजय कुमार सिंह तथा सशस्त्र पुलिस बल के रामस्वरूप राम शामिल थे।
पुलिस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


