Madhupur (Deoghar): मधुपुर के दुर्गा मंदिर साप्तर में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन शनिवार को किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे शामिल हुए।
मौके पर मौजूद जन समूह को संबोधित करते हुए सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि साप्तर, मिसरना सब्जी खेती उत्पादन के लिए इलाके में प्रसिद्ध रहा है। यहां से सब्जी की फसल मधुपुर, देवघर समेत कई इलाकों में बिक्री होती है। खेती किसानी के क्षेत्र में देश में बड़ा परिवर्तन आया है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला सशक्तिकरण और किसानों की स्थिति में सुधार के लिए संकल्पित है। वह हमेशा किसान, महिला, गांव-गरीब के लिए चिंतित रहते हैं।
उन्होंने कहा कि अब खेती में कृषि ड्रोन से नैनो उर्वरकों का छिड़काव किया जाएगा। कृषि ड्रोन का संचालन महिलाएं करेंगी। जिसका प्रशिक्षण महिलाओं को दिया जाएगा और ड्रोन भी महिलाओं को दिया ही जाएगा ताकि उनकी अतिरिक्त आय बढ़ सके।
उन्होंने बताया कि फसल उपज के लिए खाद, कीटनाशक छिड़काव में ड्रोन किसानों के लिए बड़ा सहायक होगा। स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के माध्यम से ही खेती उपज के लिए सरकार द्वारा पांच सौ या एक हजार रुपया प्रति एकड़ सहायता दी जाएगी। ड्रोन दीदी योजना के तहत महिलाओं को ड्रोन खरीदने के लिए 80 प्रतिशत अधिकतम 8 लाख रूपया तक सब्सिडी दी जाएगी।
सांसद ने कहा कि नैनो यूरिया और इफको डीएपी आ जाने से किसानों को खाद की बोरियां सिर पर नहीं ढ़ोना होगा। असरदार नैनो खाद छोटी-छोटी बोतलों में उपलब्ध है।