
मधुपुर(देवघर)

देवघर SP अश्वनी कुमार सिन्हा ने मंगलवार को डकैती और लूट के छह मामलों के उद्भेदन करने का दावा किया है । पुलिस कप्तान ने मधुपुर थाना में पत्रकारों को बताया कि सारठ और करौं में हुए 2 डकैती कांडों में संलिप्त 6 अपराधियों को विभिन्न ठिकानों से छापेमारी कर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

क्या है मामला
गत 8 अगस्त को सारठ थाना क्षेत्र के सरपत्ता गांव के पास व्यवसायी आनंद पोद्दार से अपराधकर्मियों ने हथियार के बल पर 2 लाख 93 हजार रुपया लूट का कांड दर्ज किया गया था। इस कांड में संलिप्त सारठ के लकराखंदा गांव निवासी गुलाम अंसारी और शरीफ अंसारी के पास से लूट में प्रयुक्त दो बाइक और पीड़ित से लूटा गया दो मोबाइल बरामद किया गया है। इसी गांव के बेंगा उर्फ सफाकत अंसारी से लूट में प्रयुक्त छूरा जब्त किया गया है। मोबिन अंसारी गुड्डू अंसारी उर्फ इरशाद अंसारी को लकराखंदा गांव से ही गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए सभी पांच आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार किया है। बताया है कि सभी ने मिलकर 2 लाख 60 हजार रुपया लूटा था।लूट के रुपए में सभी को बराबर हिस्से में 52 – 52 हजार रुपया बांटा गया था। इसके अलावा करौ थाना क्षेत्र के कर्णेश्वर शिवा पेट्रोल पंप में गत 3 वर्ष पूर्व 14 अगस्त 2018 को हथियार के बल पर 95 हजार रुपया की लूट हुई थी। इस मामले में वंक्षित अलकचुंआ अमराटांड़ निवासी मुल्तान अंसारी को छापेमारी कर गिरफ्तार किया गया है। लूटकांड में संलिप्त फारूक अंसारी और शहाबुद्दीन को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
डकैती और लूट में संलिप्त 8 अपराधी जल्द होगें गिरफ्तार
पुलिस कप्तान अश्वनी कुमार सिन्हा ने बताया कि गत दिनों मधुपुर, मारगोमुण्डा, सारठ और पालोजोरी थाना क्षेत्र में व्यापारियों से डकैती और लूट मामले में संलिप्त 8 अपराधियों की शिनाख्त हो गई है। पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त दो बाइक जब्त किया है। डकैती और लूट को अंजाम देने वाले अपराध कर्मी बौगेया निवासी अमित यादव, सुमन यादव, कुण्डा बाराडीह का मिष्टू यादव, हरिश यादव, जमुआ गांव का छोटू यादव, करमाटांड़ निवासी मुस्तकीम अंसारी, शमसेर अंसारी और चितरा का फिरोज शामिल है। इन अपराधियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए सारठ, मधुपुर और सदर थाना की पुलिस छापेमारी कर रही है। छापेमारी टीम का नेतृत्व तीन डीएसपी स्तर के अधिकारी कर रहे हैं। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार रवानी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सारठ अमोद नारायण सिंह, हेडक्वार्टर डीएसपी मंगल सिंह जामुदा सहित कई पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।


