
New Delhi: दिल्ली के निजामुद्दीन स्थित हुमायूं के मकबरे में शुक्रवार को बड़ी दुर्घटना हो गई। हुमायूं मकबरे के पीछे दरगाह शरीफ पट्टे शाह के एक कमरे की छत और दीवार का हिस्सा अचानक से गिर गया।

हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, हादसे में तीन महिलाओं और दो पुरुषों की मौत हो गई।

जॉइंट सीपी संजय जैन ने बताया कि 10 लोगों को बचाकर एम्स ट्रॉमा सेंटर और LNJP अस्पताल भेजा गया। इनमें से एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती 5 लोगों की मौत हो गई। रेस्क्यू ऑपरेशन अब पूरा हो गया है।
16वीं सदी के मध्य में बना यह मकबरा पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है।
प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि हुमायूं के मकबरे के पीछे दोपहर करीब 3 बजे यह हादसा हुआ। दीवार गिरने की आवाज आते ही हम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और तुरंत प्रशासन को फोन किया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन की मदद की और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।


