New Delhi : गोड्डा से भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने सोनिया गांधी के बयानों पर तंज कसते हुए गांधी परिवार के नेतृत्व और आपातकाल में उनकी भूमिका पर सवाल उठाए हैं.

सोनिया गांधी की आत्मकथा कल यानी 10 नवंबर को प्रकाशित होने जा रही है. पुस्तक के रिलीज से पहले एक ब्रिटिश समाचार पत्र को दिए इंटरव्यू में उन्होंने आपातकाल और परिवार से जुड़े कई अहम बिंदु रखे हैं.

सोनिया गांधी ने 1975 में देश में लागू किए गए आपातकाल के फैसले को एक गलती करार दिया. उन्होंने कहा कि अगर उनके देवर संजय गांधी को नियंत्रण में रखा गया होता, तो आपातकाल के दौरान देश को हुए बड़े नुकसान से बचाया जा सकता था.
सोनिया के अनुसार, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी मूल रूप से एक लोकतांत्रिक विचारों वाली नेता थीं और आपातकाल के दौरान वे कभी सहज नहीं महसूस करती थीं. यह फैसला उनके लिए एक भारी मानसिक बोझ की तरह था.

सोनिया गांधी ने खुलासा किया कि आपातकाल लागू करने के फैसले को लेकर परिवार के भीतर अलग-अलग राय थी. उनके पति राजीव गांधी इस फैसले के सख्त खिलाफ थे और उन्होंने अपनी मां को अगले चुनाव तक इंतजार करने की सलाह दी थी. वहीं, संजय गांधी आपातकाल लागू करने पर अड़े हुए थे और उनका मानना था कि विपक्ष इंदिरा गांधी को राजनीतिक रूप से खत्म कर देगा.
सोनिया गांधी के इन दावों के सामने आते ही भाजपा सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर कांग्रेस और गांधी परिवार पर जोरदार तंज कसा. उन्होंने लिखा, ‘सोनिया गांधी जी की किताब से यह पता चला कि प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी जी के पुत्र ही शासन चला रहे थे, पद और गोपनीयता की शपथ तो इंदिरा गांधी जी ने गलत ही ली थी. अब तो ना राजीव गांधी जी ना संजय गांधी जी जिंदा हैं, जवाब कौन देगा? संजय गांधी जी आपातकाल के विलेन और राजीव जी देवता?’
निशिकांत दुबे के इस बयान ने यह बहस फिर से छेड़ दी है कि आपातकाल के दौरान सरकार का वास्तविक नियंत्रण किसके पास था, चुनी हुई प्रधानमंत्री के पास या बिना किसी संवैधानिक पद पर बैठे परिवार के सदस्यों के पास. भाजपा का मानना है कि कांग्रेस अपनी पुरानी गलतियों का ठीकरा किसी एक व्यक्ति (संजय गांधी) पर फोड़कर बाकी नेतृत्व को पाक-साफ दिखाने की कोशिश कर रही है. 10 नवंबर को आत्मकथा के आधिकारिक प्रकाशन से ठीक पहले सोनिया गांधी के इन खुलासों और भाजपा के पलटवार ने देश के राजनीतिक पारे को बढ़ा दिया है.



