Ranchi: झारखंड में कभी भी कोई राजनीतिक उलटफेर हो सकता है। इस बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) पर खासे आक्रामक रहे बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे (MP Nishikant Dubey) ने एक पर एक कई ट्वीट कर पुरे सियासी गलियारे में खलबली मचा दी है।
ट्वीट से खलबली की शुरुआत उस दिन हुई जिस दिन आईएएस अधिकारी पूजा सिंघल (IAS Pooja Singhal) के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी हुई। ईडी (ED) की छापेमारी के बाद से निशिकांत दुबे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से झारखंड सरकार और हेमंत सोरेन को आड़े हाथो अपने ट्वीट के जरिये लेते नजर आये। अपने ट्वीट में उन्होंने कई नाम का भी जिक्र किया है। जिसके बाद अंदर-बाहर अटकलों का सिलसिला चल पड़ा है। लोग इसे अपने तरीके से परिभाषित करने लगे हैं।
बुधवार को भी निशिकांत दुबे ने एक ट्वीट कर लिखा- इस रात की भी सुबह होगी। जिसके बाद अटकलों का बाजार गर्म ही था कि देर रात ईडी ने पूजा सिंघल को गिरफ्तार कर लिया और पांच दिनों के लिए रिमांड पर ले लिया गया। चर्चा है कि निशिकांत दूबे का यह ट्वीट मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी सरकार को लक्ष्य कर किया गया है। इसके जरिये वे खदान लीज मामले में फंसे हेमंत सोरेन सरकार के दिन पूरे होने की बात कह रहे हैं।
आईएएस पूजा सिंघल की गिरफ्तारी के बाद निशिकांत ने एक और ट्वीट किया और लिखा- ED ने झारखंड में बेहतरीन कार्य किया, गरीब की लूटी कमाई को विदेश में खपाने के पहले जब्त कर लिया। अब अदालत ने 5 दिन का रिमांड पूजा सिंघल के लिए दे दिया है, अब तोते की तरह राजा, अमित भैया, प्रेम भइया ट्रांसफर, पोस्टिंग, हवाला, दुबई, हरि भाई, सिंगापुर सब कुछ अच्छे से बताएगी।
निशिकांत दूबे ने एक और ट्वीट में भ्रष्टाचार के संगीन आरोपों में घिरीं आइएएस अफसर पूजा सिंघल को निशाने पर लेते हुए कहा कि प्रदेश को लूट रही राज्य सरकार ने झारखंड को बर्बाद करने का काम किया है। लेकिन, जल्द ही इस सरकार का काला चिट्ठा सबके सामने आएगा। अब भ्रष्टाचार की सीमा पार हो चुकी है, राज्य में सत्ता प्रायोजित चोरी की हरकत सबके सामने आ रही है। ये लूट वाली सरकार का अंत करीब है।
वहीं, गुरुवार को भी निशिकांत दुबे ने एक ट्वीट कर झारखण्ड की राजनीती और भ्रष्ट नौकरशाहों के बीच खलबली मचा दी है। निशिकांत दुबे ने लिखा है- “पूजा सिंघल जी ने ED के सामने झारखंड के वर्तमान सरकार व प्रशासनिक अधिकारियों का जो खुलासा किया वह गैंग ऑफ वसेपुर को भी मात दे रहा है,यह गिरोह दलालों के साथ मिलकर राज्य को खोखला कर रहा है,सूत्रों के अनुसार गिरोह के एक एक अधिकारी के पास कम से कम 500 से 2000 करोड़ की सम्पत्ति है।
अब इस ट्वीट के आते ही आम व खास सब चर्चा कर रहे कि आखिर किन-किन राजनेताओं और अधिकारीयों ने अपने भ्रष्ट रवैये से झारखण्ड को खोखला करने में भूमिका निभाई है। और कब तक इन नकाबपोशों का नकाब उतरेगा।
इधर, देवघर के बाबा बैद्यनाथ मंदिर में हो रहे सरकारी निर्माण कार्यों पर भी कड़ी आपत्ति जताते हुए भाजपा सांसद निशिकांत दूबे ने कहा कि राज्य सरकार हिन्दू धर्म की आस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है। निर्माण कार्य को तुरंत रोकना चाहिए। राज्य सरकार की इस पर राजनीति बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होगी।