
नई दिल्ली: राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन स्थित सांस्कृतिक केंद्र में भारतीय ओलंपिक दल के सम्मान में ‘हाई टी’ (चाय-नाश्ता) की मेजबानी की। उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

राष्ट्रपति कोविन्द ने टोक्यो ओलंपिक 2020 के भारतीय दल के साथ बातचीत करते हुए कहा कि राष्ट्र को गौरव दिलाने के लिए पूरे देश को उन पर गर्व है। इस टीम ने ओलंपिक में हमारी भागीदारी के इतिहास में अब तक के सबसे अधिक पदक जीते हैं। उन्होंने कहा कि ओलंपिक में भारतीय दल की उपलब्धियों ने युवाओं को खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया है। अभिभावकों में भी खेलों के प्रति सकारात्मक सोच पैदा हुई है। टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रदर्शन न केवल उपलब्धियों की दृष्टि से बल्कि संभावनाओं की दृष्टि से भी अभूतपूर्व रहा है।

राष्ट्रपति ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रदर्शन न केवल उपलब्धियों के मामले में बल्कि क्षमता के मामले में भी उत्कृष्ट था। अधिकांश खिलाड़ी अपने खेल करियर की शुरुआत में हैं। जिस भावना और कौशल के साथ उन सभी ने टोक्यो में प्रदर्शन किया है आने वाले समय में भारत की खेल की दुनिया में प्रभावशाली उपस्थिति होगी।
राष्ट्रपति ने पूरे भारतीय ओलंपिक दल को उनके उत्कृष्ट प्रयासों के लिए बधाई दी। उन्होंने कोचों, सहयोगी स्टाफ, परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों द्वारा निभाई गई भूमिका की भी सराहना की जिन्होंने उनकी तैयारी में योगदान दिया।
राष्ट्रपति ने महिला खिलाड़ियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने तमाम बाधाओं के बावजूद विश्वस्तीरय प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी के कठिन समय में आपने देशवासियों को जश्न मनाने के अवसर प्रदान किये हैं। उन्होंने कहा कि जब आप खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते हैं तो कभी आप जीतते हैं तो कभी हारते भी हैं। लेकिन हरबार आप कुछ न कुछ सीखते जरुर हैं। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि टोक्यो ओलंपिक के दौरान आप सभी ने जीत को विनम्रता के साथ और हार को गरिमा के साथ स्वीकार किया।
राष्ट्रपति ने ओलंपिक दल को इस बात से अवगत कराया कि 130 करोड़ भारतवासी उनके लिए प्रार्थना कर रहे थे। वह पूरे उत्साह के साथ आपका समर्थन कर रहे थे। ओलंपिक में कई सालों बाद स्वर्ण पदक जीतने पर राष्ट्रगान बजने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ओलंपिक में जब हमारा तिरंगा सबसे ऊपर लहराया गया और राष्ट्रगान बजाया गया उस समय देश की भावनाएं नीरज चोपड़ा के साथ साथ थीं। उन्होंने कहा कि सभी देशवासियों की एक ही भावना थी कि विजय विश्व तिरंगा प्यारा, झंड़ा ऊंचा रहे हमारा।
उल्लेखनीय है कि भारतीय दल ने टोक्यो ओलंपिक-2020 में एक स्वर्ण पदक सहित कुल सात पदक जीतकर ओलंपिक में अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इसमें एथलीट नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में स्वर्ण, भारोत्तोलक में मीराबाई चानू और कुश्ती में पहलवान रवि दहिया ने रजत पदक जीता है। इनके अलावा बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु, महिला मुक्केबाज लवलीना बोरगोहाई, पहलवान बजरंग पूनिया और पुरुष हॉकी टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
इसे भी पढ़ें:
- Deoghar: टैंकर की चपेट में आने से स्कूटी सवार की मौत, चालक फरार, पटेल चौक के पास की घटना
- Deoghar: श्रावणी मेला में शराबबंदी के बीच अवैध शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
- Deoghar: 45 Kg एक्सपायरी घी, 56 Kg मिलावटी पेड़ा नष्ट, 500 संदिग्ध (प्रोपराइटरी फूड) को रिकॉल के निर्देश, बिना लाइसेंस खाद्य कारोबारियों को नोटिस
- Deoghar: अग्र वंदना सामूहिक गायन समारोह का आयोजन
- सात दिनों में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने बाबा बैद्यनाथ का किया जर्लापण, बाबा मंदिर में 86,85,162 रुपए आय हुई प्राप्त



