
नई दिल्ली: पंजाब नेशनल बैंक धोखाधड़ी (PNB Scam) मामले में पिछले कई दिनों से गायब रहे मुख्य आरोपी मेहुल चोकसी (Mehul choksi) के डोमिनिका (Dominica) से गिरफ्तार होने के बाद भारत लाने की तैयारी तेज कर दी गई है.

एंटीगा और बारबुडा के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन (Gaston Browne) ने कहा है कि अगले 48 घंटे के अंदर मेहुल चोकसी को भारत भेजा जा सकता है. अभी तक की खबर के मुताबिक मेहुल चोकसी डोमिनिका से सीधे भारत प्रत्यर्पित किया जाएगा.

बता दें कि मेहुल चोकसी पिछले रविवार को यानी 23 मई शाम साढ़े पांच बजे कार से निकला था, लेकिन कुछ देर के बाद उसकी कार वहीं आसपास लावारिस हालात में मिली थी. इसके बाद उसके परिजनों और मेहुल चोकसी के भारत में स्थित वकील विजय अग्रवाल के द्वारा मीडिया सहित अन्य एजेंसियों को बताया गया कि वो एंटीगा से लापता हो गया है. हालांकि, उस घटना के बाद वहां की रॉयल पुलिस फोर्स उसको तलाशने में जुट गई थी.
भारत से फरार कारोबारी मेहुल चोकसी एंटीगा के जॉली हार्बर इलाके में पिछले काफी समय से रह रहा था. साल 2018 में मेहुल चोकसी भारत को छोड़कर चुपके से फरार हो गया था. उसके बाद से देश की जांच एजेंसी सीबीआई और ईडी की टीम उसे वापस भारत में प्रत्यर्पित करने की कोशिश में लगी हुईं थीं.
चोकसी के वकील का दावा है कि उनका मुवक्किल एंटीगा का नागरिक है. ऐसे में उसके पास एंटीगा के सभी लोगों से मिलने के अधिकार हैं. बता दें कैरेबियाई देश एंटीगा के बगल में ही डोमिनिका है, जहां से अब मेहुल चोकसी को पकड़ा गया है.
बता दें कि चोकसी पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के साथ कथित तौर पर 13,500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में वांछित है. वह जनवरी 2018 से एंटीगुआ में रह रहा है. चोकसी ने जनवरी 2018 में भारत से भागने के पहले ही 2017 में कैरिबियाई देश एंटीगुआ व बारबुडा की नागरिकता ले ली थी.



