

नई दिल्ली।

दिल्ली में किसानों की ट्रैक्टर परेड (Farmers Tractor Rally) में मचे बवाल के बीच गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर आपातकालीन बैठक बुलाई गई है। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में गृह मंत्रालय के आला अधिकारी भी मौजूद है।बैठक में गृह सचिव और दिल्ली पुलिस कमिश्नर मौजूद हैं। बैठक में दिल्ली की कानून व्यवस्था पर चर्चा हो रही है।

मालूम हो कि केंद्र सरकार के तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे आंदोलन के बीच किसानों ने आज ट्रैक्टर परेड निकाली थी, जिसके लिए उनके और पुलिस के बीच में रूट को लेकर सहमति बनी थी। हालांकि, परेड निकाल रहे किसानों का एक गुट निर्धारित रूट से अलग चला गया। किसान लाल किले के ऐतिहासिक स्मारक तक पहुंच गए, जहां उन्होंने अपने झंडे लगा दिए। लाल किले पहुंचे प्रदर्शनकारी उस ध्वज-स्तंभ पर भी अपना झंडा लगाते दिखे जिसपर प्रधानमंत्री स्वतंत्रता दिवस के दिन राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। इन प्रदर्शनकारियों में 'निहंग' भी शामिल थे।
बाद में, पुलिस ने लालकिला परिसर को खाली कराने के लिए लाठीचार्ज किया। इससे पहले लगातार उद्घोषणा की जा रही थी कि प्रदर्शनकारी शांतिपूर्ण तरीके से लालकिले से हट जाएं। वहीं, इससे पहले प्रदर्शनकारी ट्रैक्टर परेड के निर्धारित मार्ग से हटकर आईटीओ पहुंच गए। जब उन्होंने वहां से लुटियंस क्षेत्र की ओर बढ़ने की कोशिश की तो पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि प्रदर्शनकारी किसान अपने नेताओं की बात भी नहीं सुन रहे हैं और बेकाबू हो गए हैं।
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, कानून एवं व्यवस्था की मौजूदा स्थिति के मद्देनज़र दिल्ली के कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई है। सरकार के आदेश के बाद नांगलोई में जिओ ने इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने ट्वीट करके जानकारी दी है कि गृह मंत्रालय द्वारा सिंघु, गाजीपुर, टिकरी, मुबारका चौक, नागलोई और उससे जुड़े आस-पास के इलाकों में इंटरनेट सेवा आज रात 12 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया।
किसानों के उपद्रव को देखते हुए दिल्ली मेट्रो सेवा को भी बंद कर दिया गया है। द्वारका-नजफगढ़ मेट्रो लाइन बंद कर दी गई है। इसके अलावा जामा मस्जिद, दिलशाद गार्डन आदि मेट्रो स्टेशन भी बंद किये गए हैं।



