
Deoghar: दुष्कर्म कांड के आरोपित की गिरफ्तारी करने जसीडीह थानांतर्गत एक गांव गये पुलिस पदाधिकारी सहित जवानों पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया और पुलिस की गिरफ्त से आरोपित को छुड़ाकर उपद्रवी ग्रामीण भाग निकले।

घटना को लेकर एसआइ उदय कुमार सिंह के स्वीकारोक्ति बयान पर जसीडीह थाने में पांच नामजद समेत 8-10 अज्ञात महिला पुरुष ग्रामीण के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है।

बयान के मुताबिक शुक्रवार को पुलिस घटनास्थल पर जांच के लिए पहुंची और साक्षियों का बयान लेकर निकल रही थी। इस बीच रास्ते में जानकारी मिली कि आरोपित साक्षियों को जान से मारने की धमकी दे रहा है । इसके बाद पुलिस लौटी और आरोपी को खदेड़ कर पकड़ लिया। पुलिस उसे गाड़ी के पास ले ही जा रही थी कि अज्ञात महिला पुरुष के साथ सभी नामजद आरोपित गाली-गलौज करते हुए आये और ईंट पत्थर से हमला कर मारपीट करते हुए आरोपित को पुलिस गिरफ्त से छुड़ाकर भाग गये। वहीं पुलिस द्वारा लिये गये साक्षियों के बयान समेत घटनास्थल के विवरण व दर्ज प्राथमिकी की छायाप्रति को फाड़कर फेंक दिया।
घटना को लेकर पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन में जुटी है।
पुलिस टीम पर हमला कर हथियार छीनने के प्रयास व आरोपित छुड़ाने के मामले में तीन पुरुष व दो महिलाओं को नामजद और अज्ञात 8-10 महिला पुरुषों को आरोपित बनाया गया है।
घटना में पुलिस पदाधिकारी समेत पुलिसकर्मियों को चोट भी लग गयी है।
जानकारी हो कि बुधवार की रात जसीडीह थानांतर्गत एक गांव की महिला के साथ देशी कट्टा व रड का भय दिखाकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया था। इसके बाद महिला ने आरोपित पंकज दास व शंभु दास के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपित ने महिला के बच्चे पर देशी कट्टा सटा कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया था।


