
New Delhi: रेल यात्रियों को बड़ा झटका लगने जा रहा है। भारतीय रेलवे एक जुलाई 2025 से नया किराया टैरिफ लागू करने जा रही है। किराये में बढ़ोत्तरी के चलते अगर आप एक जुलाई के बाद की यात्रा के लिए टिकट बुक करेंगे, तो आपको बढ़ा हुआ किराया देना होगा।

हालांकि, राहत की बात यह है कि कुछ कैटेगिरी में कोई बढ़ोतरी नहीं की गयी है। इस बढ़ोत्तरी का असर लंबी दूरी की यात्रा करने वालों पर ही होगा।

रेलवे के नए टैरिफ के अनुसार, सामान्य द्वितीय श्रेणी (Second Class) में 500 किलोमीटर तक यात्रा करने पर कोई वृद्धि नहीं होगी। लेकिन अगर यात्रा 500 किलोमीटर से ज्यादा की है तो प्रति किलोमीटर आधा पैसा अतिरिक्त देना होगा।
इसके अलावा, मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों (Non-AC) में सफर करने वालों को अब प्रति किलोमीटर 1 पैसा ज्यादा चुकाना पड़ेगा। इसी तरह, AC क्लास के टिकट में सबसे ज्यादा बदलाव किया गया है। इसमें प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।
शहरी (Suburban) ट्रेनों के किराए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, जिससे लाखों दैनिक यात्रियों को राहत मिलेगी। मासिक सीजन टिकट की दरों में भी कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
इससे पहले रेलवे ने 2020 में यात्री किराए में बढ़ोतरी की थी।


