
Patna: पटना के दानापुर इलाके में एक घर में रखे फ्रिज का कंप्रेसर फटने से बड़ा हादसा हो गया। धमाके के बाद घर में आग लग गई, जिसमें मां और उनकी दो बेटियां झुलस गईं। तीनों को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बुधवार रात यह हादसा शाहपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी मोहल्ले में हुई है। बताया जा रहा है कि सरिता देवी के घर में रखे फ्रिज का कंप्रेसर अचानक फट गया। धमाके के बाद निकली चिंगारियों से पास में रखा गैस सिलेंडर भी उसकी चपेट में आ गया, जिससे आग तेजी से पूरे घर में फैल गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो देखा कि पड़ोसी के घर में आग लगी हुई थी। अंदर जाकर देखा तो मां और दोनों बेटियां आग की चपेट में आकर झुलस गई हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को बाहर निकाला और पास के अस्पताल ले गए, जहां तीनों का इलाज चल रहा है।
हादसे में सरिता देवी (38 वर्षीय), उनकी बेटी कृति कुमारी (17 वर्षीय) और प्रीति कुमारी (15 वर्षीय) बुरी तरह झुलस गई।
इधर, घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया।


