
Banka: बिहार के बांका के फूलीडूमर थाना क्षेत्र के नगरडीह गांव के पास तेज रफ्तार ट्रक कांवरियों की झुंड में जा घुसा। इस घटना में पांच कांवरिया की मौके पर मौत हो गई। जबकि, 20 से ज्यादा श्रद्धालु जख्मी हो गए हैं। जख्मी श्रद्धालुओं को आनन-फानन में अस्तपताल में भर्ती कराया गया है। अमरपुर रेफरल अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है।

मिली जानकारी के मुताबिक सभी कांवरिया सुल्तानगंज से जल भरकर गौरनाथ महादेव मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। घटना को अंजाम देने के बाद मौके से ट्रक चालक फरार हो गया।

घटना के बाद लोगों का गुस्सा बढ़ गया।
सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। घटनास्थल पर ग्रामीण उग्र हो गए। उन्होंने 112 की पुलिस गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। पत्थरबाजी में कुछ पुलिसकर्मियों के भी घायल होने की सूचना मिल रही है। जानकारी ये भी है कि गुस्साए लोगों ने एंबुलेंस में भी तोड़फोड़ की। जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई। फिलहाल पुलिस प्रशासन द्वारा स्थिति को नियंत्रित कर मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।



