
Deoghar: देवघर की बेटी कृतिका सुमन ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देवघर सहित पूरे देश का मान बढ़ाया है। कृतिका को रूस के निजनी नोवगर्थ शहर में आयोजित हो रहे वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल एसेंबली 2025 के लिए चयनित किया गया है।

वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल एसेंबली 2025 का आयोजन 17 से 27 सितंबर तक होगा।

इस महोत्सव में दुनियाभर से लगभग दस हजार प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। कृतिका का यह दूसरी बार चयन है। साल 2024 में भी उन्होंने रूस में आयोजित इस महोत्सव में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।
वर्ल्ड यूथ फेस्टिवल एसेंबली 2024 के दौरान कृतिका ने 188 देशों के प्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और विविधता को साझा किया था।
देवघर की कृतिका सुमन इस बार भारतीय परंपरागत शिक्षा व्यवस्था और आदिवासी संस्कृति के सकारात्मक पहलुओं पर बातचीत करेंगी। फ्रीलांस पत्रकारिता और सामाजिक कार्यों से जुड़ी कृतिका लंबे समय से बच्चों, महिलाओं तथा हाशिए पर रहने वाले समुदायों के लिए कार्य कर रही हैं।
सीमित संसाधनों वाले ग्रामीण परिवेश से निकलकर वैश्विक मंच तक अपनी पहचान बनाने वाली कृतिका का कहना है कि विभिन्न देशों के युवाओं से जुड़ना और भारत की संस्कृति का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और प्रेरणा की बात है।


