
Begusarai: हथियार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वाले युवक को पकड़ कर छोड़ देना बेगूसराय पुलिस के एक पुअनि को महंगा पड़ गया है। कार्य में लापरवाही के कारण एसपी ने उक्त पुलिस पदाधिकारी को निलंबित कर दिया है।

एसपी योगेन्द्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि बीते रात मोटरसाईकिल पर हथियार लहराते हुए अपराधकर्मी का वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुआ। जिसकी जांच बखरी डीएसपी से करवाई गई। जांच में पाया गया कि यह वीडियो 20 मार्च का है।

21 मार्च को बखरी थाना में पदस्थापित प्रभारी थानाध्यक्ष सिन्टू कुमार झा के द्वारा पिस्तौल लिए वीडियो बनाने वाले लड़का को पकड़ कर थाना लाया गया। पकड़ाते समय उस लड़के के पास कोई हथियार नहीं था। लेकिन विधि सम्मत कार्रवाई एवं स्टेशन डायरी इंट्री किए बगैर उस लड़के को पी.आर. बॉण्ड पर छोड़ दिया गया।
थानाध्यक्ष छुट्टी पर थे और पुअनि सिन्टू कुमार झा उस समय बखरी थाना के प्रभार में थे। जिनके द्वारा स्टेशन डायरी इंट्री और प्राथमिकी तक दर्ज नहीं किया गया। उक्त लापरवाही के आरोप में सिन्टू कुमार झा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। वायरल वीडियो में हथियार लहराने वाले अपराधी के विरूद्ध बखरी डीएसपी को थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने एवं तत्काल कार्रवाई करने का आदेश दिया गया है।


