
Kabul: अफगानिस्तान की सत्ता पर तालिबान के कब्जे के बाद हालात और खराब हो गए हैं। अफगानिस्तान अभी भी आतंकी हमलों की आग में झुलस रहा है। बताया जा रहा है कि यह धमाका काबुल में ईदगाह मस्जिद के बाहर हुआ।

समाचार एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक अफगानिस्तान की राजधानी में काबुल में एक मस्जिद के प्रवेश द्वार पर हुए धमाके में कई नागरिकों के मारे जाने की खबर है।

समाचार एजेंसी एपी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि यह बम धमाका काबुल में ईदगाह मस्जिद को निशाना बना कर किया गया जहां तालिबान के प्रवक्ता जबीहुल्ला मुजाहिद की मां के लिए एक स्मारक सेवा आयोजित की जा रही थी।
फिलहाल इस हमले की जिम्मेदारी किसी संगठन ने नहीं ली है। तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने ब्लास्ट की पुष्टि की है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि मस्जिद के एंट्री गेट के बाहर यह धमाका हुआ।
अगस्त के मध्य में अफगानिस्तान की सत्ता पर तालिबान की वापसी के बाद से आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट के आतंकवादियों के हमले बढ़ गए हैं। अधिकांश हमले तालिबान लड़ाकों को निशाना बनाकर किए गए हैं। हाल के दिनों में हुए इन आतंकी हमलों ने दोनों चरमपंथी समूहों तालिबान और इस्लामिक स्टेट के बीच व्यापक टकराव की संभावना को बढ़ा दिया है।



