रांची।
हटिया से भोपाल के हबीबगंज और पुणे के हडपसर के लिए ट्रेन सेवा शुरू होगी। यह सप्ताह में एक दिन चलेगी। टाइम टेबल तक तैयार है। बस इसकी घोषणा बाकी है। हटिया से हबीबगंज के बीच चलने वाली एसी ट्रेन होगी। इसमें गरीब रथ का रैक लगाया जाएगा। यात्रा 21 घंटे 20 मिनट की होगी। यह हटिया से हर शुक्रवार को रात 11:40 बजे चलेगी और शनिवार रात 9 बजे हबीबगंज पहुंचेगी। इसी तरह पुणे जाने वाली ट्रेन हटिया से बुधवार रात 9:25 बजे चलकर शुक्रवार रात 2:30 बजे हडपसर स्टेशन पहुंचेगी।
रांची-भागलपुर एक्सप्रेस गोड्डा तक
रांची से सप्ताह में 3 दिन चलने वाली रांची-भागलपुर एक्स. का गोड्डा तक विस्तार करने की सैद्धांतिक मंज़ूरी दी गयी है। घोषणा के बाद यह ट्रेन रांची से दोपहर 3:10 बजे चलकर अगले दिन सुबह 7:30 बजे गोड्डा पहुंचेगी।
वहीं, रांची से देवघर तक चलने वाली बैद्यनाथधाम एक्सप्रेस को दुमका तक विस्तार कर दिया गया है। यह ट्रेन रांची से दोपहर 1:25 बजे चलकर रात 11:45 बजे दुमका पहुंचेगी। जबकी, टाटा-रांची इंटरसिटी लोहरदगा तक जाएगी। यह ट्रेन टाटा से सुबह 5:25 बजे चलकर 11:45 बजे लोहरदगा पहुंचेगी। लोहरदगा से दोपहर 3 बजे चलकर रात 10:15 बजे टाटा पहुंचेगी।
हटिया-उज्जैन ट्रेन अब तक शुरू नहीं
हालाँकि, रेलवे ने हटिया से बिलासपुर होते हुए उज्जैन तक ट्रेन चलाने की बात की थी। लेकिन अब तक इसपर कोई फैसला नहीं हो पाया है। नए टाइम टेबल में भी इस ट्रेन का कोई जिक्र नहीं है।