
बीजिंग: चीन सरकार ने एक बड़ा फैसला लेते हुए देश में कपल को तीन बच्चों की अनुमति दे दी है। अभी तक चीन में टू चाइल्ड पॉलिसी थी। यानी किसी भी कपल को दो से ज्यादा बच्चे पैदा करने की अनुमति नहीं थी। अपनी बूढ़ी होती आबादी और जनसंख्या को बढ़ाने के लिए चीन ने बहुत बड़ा फैसला लेते हुए जनसंख्या नियंत्रण कानून को बदल दिया है।

चीनी मीडिया के मुताबिक, नई पॉलिसी को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मंजूरी मिल गई है। अब तक चीन टू चाइल्ड पॉलिसी को लेकर बहुत सख्त था। यानि, चीन में परिवार नियोजन को लेकर जो कानून था, उसमें चीन की सरकार ने संशोधन कर दिया है। नये संशोधन के मुताबिक चीन में लोग अब तीन बच्चे पैदा करने के लिए स्वतंत्र होंगे।
तीन बच्चे पैदा करने की इजाजत

चीन की कम्यूनिस्ट सरकार ने जंनसंख्या पर लगाए गये नियंत्रण को लेकर छूट दे दी है। हालांकि, अब नये कानून के मुताबिक अब तीन से ज्यादा बच्चे पैदा नहीं कर सकते है। अपनी बूढ़ी आबादी को रोकने के लिए चीन ने जनसंख्या नियंत्रण कानून में छूट दी है। चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक चीन की सरकार ने जनसंख्या में सुधार करने के लि ये कदम उठाया है। राष्ट्रपती शी जिनपिंग की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद जनसंख्या नियंत्रण को लेकर ये फैसला लिया गया है। बैठक के बाद चीन की सरकारी मीडिया ने अपने बयान में कहा है कि बढ़ती उम्र की समस्या से छुटकारा पाने के लिए चीन की सरकार ने ये फैसला लिया है।
चीनी राष्ट्रपति की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद कहा गया कि ‘बच्चे पैदा करने से जुड़ी नीतियों में सुधार किया जाएगा’। वहीं, बैठक में ये भी फैसला लिया गया है कि कर्मचारियों के रिटायरमेंट पॉलिसी को भी बढ़ाया जाएगा। वहीं, चीन में पारिवारिक मूल्य में बढ़ावा देने के लिए सरकार की तरफ से अलग अलग कार्यक्रम चलाए जाएंगे। आपको बता दें कि चीन में 1979 में वन चाइल्ड पॉलिसी कानून बनाया गया था। जिसका मकसद चीन में जनसंख्या विस्फोट पर लगाम लगाना था। लेकिन, चीन का यह कानून चीन के गले की फांस बन गया है। आलम ये है कि 10 साल के बाद चीन में सैनिकों की भारी कमी होनी शुरू हो जाएगी और रणनीतिक तौर पर ये चीन के लिए बहुत बड़ा झटका होगा।
2009 तक वन चाइल्ड पॉलिसी थी
China अपनी Child Policy को लेकर दुनियाभर में चर्चा का विषय रहा है। 2009 तक वन चाइल्ड पॉलिसी थी यानी एक ही बच्चा पैदा करने की अनुमति थी। जो कपल दो या ज्यादा बच्चे पैदा कर लेते, उन्हें सरकारी सुविधाओं से वंचित कर दिया जाता था। इसके बाद 2009 में टू चाइल्ड पॉलिसी लाई गई। हालांकि शुरू में दो बच्चे सिर्फ वही कपल पैदा कर सकते थे, जो अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। साल 2014 तक इस टू चाइल्ड पॉलिसी को पूरे चीन में लागू कर दिया गया था। अब थ्री चाइल्ड पॉलिसी लाई गई है।


