
Deoghar News : पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज थाना की पुलिस आर्म्स एक्ट एवं मारपीट के एक मामले में आरोपी के सत्यापन के लिए शुक्रवार को देवघर पहुंची। एसआई अरुण सिंघा के नेतृत्व में पुलिस टीम नगर थाना पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस के सहयोग से शहर के एक होटल में जाकर सत्यापन की कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, रायगंज थाना कांड संख्या 508/26 के सिलसिले में यह कार्रवाई की गई। इस मामले में पश्चिम बिरनगर वार्ड संख्या-17, रायगंज निवासी अमित दास ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तनय दास, पंकज प्रामाणिक और कल्याण साहा बिलबाड़ी तालाब सहित आसपास के निचले जलभराव वाले क्षेत्र एवं आदर्रा भूमि को अवैध रूप से मिट्टी भरकर समतल कर रहे थे।

आरोप है कि उक्त स्थल पर रास्ता बनाकर फ्लैट निर्माण की तैयारी की जा रही थी। प्राथमिकी के अनुसार, जब अमित दास ने इसका विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की तथा हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। इसी मामले में बंगाल पुलिस जांच को आगे बढ़ाते हुए देवघर पहुंची।
बताया जाता है कि मामले के एक आरोपी ने पुलिस को बताया था कि घटना के दिन वह देवघर स्थित एक होटल में ठहरा हुआ था और घटना में उसकी कोई संलिप्तता नहीं थी। इसी दावे की पुष्टि करने के लिए रायगंज थाना की पुलिस देवघर पहुंची।
नगर थाना पुलिस के सहयोग से संबंधित होटल में पहुंचकर आरोपी के ठहरने से जुड़े तथ्यों एवं अभिलेखों का सत्यापन किया गया। फिलहाल बंगाल पुलिस मामले की जांच के तहत प्राप्त तथ्यों का मिलान कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। वहीं, नगर थाना पुलिस ने सत्यापन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया।


