
Marathon race in Deoghar: रविवार को डिगिरिया जैव विविधता उद्यान, देवघर में पूर्व आयोजित कार्यक्रम के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमे 15 वर्ष से 40 वर्ष के युवाओं ने भाग लिया। इस दौरान माननीय विधायक नारायण दास, उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी विशाल सागर, उप विकास आयुक्त डॉ ताराचंद, डीएफओ राजकुमार साह द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

कार्यक्रम से पूर्व विधायक, देवघर नारायण दास ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि जिला प्रशासन द्वारा डिगरिया पहाड़ में आयोजित किए इस मैराथन दौड़ के पहल को लेकर बधाई। आज जिला प्रशासन द्वारा एक सकारात्मक पहल के माध्यम से बायोडायवर्सिटी पार्क में मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया है, जिसमें युवाओं की सहभागिता और सभी की सक्रियता को बधाई और शुभकामनाएं। साथ उन्होंने कहा कि यह एक ऐतिहासिक जगह है जिसे बायोडायवर्सिटी पार्क के रूप में विकसित किया गया है। बायोडायवर्सिटी पार्क बनने के बाद पहली बार किसी प्रतियोगिता का आयोजन जिला प्रशासन द्वारा कराया गया है, ताकि इस पार्क को जन-जन तक पहुचाया जा सके।

इसके अलावे कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त विशाल सागर ने कार्यक्रम में शामिल सभी प्रतिभागियों का डिगरिया बायोडायवर्सिटी पार्क में स्वागत करते हुए मैराथन दौड़ के लिए बधाई व शुभकामनाएं दी। आगे उन्होंने कहा कि बायोडायवर्सिटी पार्क को युवाओं तक पहुंचाने खेल के प्रति उनकी रुचि बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण, क्लाइमेट चेंज के अलावा दुर्लभ प्रजाति और औषधीय गुण वाले पेड़-पौधों, जंगली पशु पक्षी के साथ इस बायोडायवर्सिटी पार्क से सभी को अवगत कराने के उद्देश्य से किया गया है। साथ ही उपायुक्त ने ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के इस माहौल में प्राकृतिक संपदा और खासकर वनों को सहेजने और लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की बात कही। इसके अलावे उपायुक्त ने कहा कि Bio Diversity Park में ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों की रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से पार्क में पर्यटकों की सुविधा और पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से और बेहतर कार्य यहाँ किए जाएंगे।
आज आयोजित 04 किलो मीटर मैराथन दौड़ में पुरुष और महिला वर्ग में दौड़ का आयोजन किया गया और तीन-तीन विजय प्रतिभागियों को नकद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। वहीं 10 प्रतिभागियों को संतवाना पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। उपरोक्त मैराथन दौड़ के विजेता को 5,000- उप विजेता को 3000 ल- एवं तृतीय स्थान वाले खिलाड़ी को 2000- रू0 नगद पुरस्कार एवं स्पोर्ट्स कीट प्रदान किया गया। वही लगभग 500 लोगों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को फलदार वृक्ष पौधरोपण हेतु प्रदान किया गया।
इस दौरान उपरोक्त के अलावा मंत्री के प्रतिनिधि संजय शर्मा, डीआरडीए निर्देशक परमेश्वर मुंडा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष यादव, जिला पंचायती राज पदाधिकारी रणबीर सिंह एवं संबंधित विभाग के अधिकारी, वन विभाग के अधिकारी, रेंजर व कर्मी आदि उपस्थित थे।










