
कोलकाता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लॉकडाउन की पाबंदियों में आज और राहत देते हुए रेस्तरां को भी केवल तीन घंटे के लिए खोलने की अनुमति दे दी है। उन्होंने ने व्यापारियों से गांव में इलाज की सुविधाएं उपलब्ध कराने और वैक्सीनेशन में सहयोग करने की अपील की है।
गुरुवार को राज्य सचिवालय के सभागार में होटल उद्योग से जुड़े उद्योगपतियों और व्यापार संघ पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए रेस्तरां को भी तीन घंटे के लिए खोला जा सकता है। शर्त यह होगी कि शारीरिक दूरी का बखूबी पालन करना होगा और सभी कर्मचारियों का टीकाकरण सुनिश्चित करना होगा। सरकार शाम 5 से रात 8 बजे तक रेस्तरां खोलने की छूट देगी।

आज मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में व्यापार संघ के 29 प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘हमने अन्य राज्यों की तरह लॉकडाउन या कर्फ्यू नहीं लगाया। हमने कुछ पाबंदियां लगाई हैं, लोग सहयोग कर रहे हैं। रिटेल स्टोर दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक खुले रहे हैं। निर्माण कंपनियां टीकाकरण के साथ श्रमिकों को लेकर काम कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि हम पहले ही राज्य में एक करोड़ 40 लाख लोगों को वैक्सीन दे चुके हैं। हर दिन 70-80 हजार लोगों का टीकाकरण किया जा रहा है। राज्य के बाजारों को नियमित रूप से सेनेटाइज किया जाए। नौकरानियों के टीकाकरण के मुद्दे को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘टीकाकरण के लिए व्यापारी संगठनों के सहयोग की जरूरत है। अपने कर्मचारियों को टीका लगाने के लिए वे आवश्यक धन राहत कोष में दें। राज्य सरकार उस पैसे से वैक्सीन खरीदकर संबंधित संगठनों के कर्मचारियों को दे सकेगी। बहुत से लोग टीकाकरण कराने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमने केंद्र से 30 मिलियन वैक्सीन की आपूर्ति करने के लिए कहा है। बाकी वैक्सीन हमें खरीदनी है। केंद्र सरकार वैक्सीन पर जीएसटी भी ले रहा है।
श्रमिकों के टीकाकरण को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में संक्रमण की दर में कमी आई है। कोरोना की दूसरी लहर में नाबालिगों की मौत का आंकड़ा बढ़ गया है। उन्होंने व्यापारी संगठनों से गांवों में लोगों की इलाज की व्यवस्था करने के लिए प्रेरित किया। इसे एक महान कार्य के रूप में चिह्नित किया जाएगा। राइस मिल श्रमिकों को भी तेजी से टीकाकरण की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि राज्य के लोगों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जल्द ही द्वारे त्राण योजना को शुरू किया जाएगा।


