
कोलकाता

राज्य के मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय के दिल्ली स्थानांतरण को लेकर राज्य सरकार और केंद्र सरकार के बीच टकराव जारी है। स्थानांतरण के आदेश के बाद भी फिलहाल मुख्य सचिव कल दिल्ली नहीं जाएंगे बल्कि वे सोमवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बैठक में भाग लेंगे।
चक्रवाती तूफान यास के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बंगाल दौरा के समय समीक्षा बैठक में ममता बनर्जी और बंगाल के मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय ने भाग नहीं लिया था।

इसके बाद केन्द्र सरकार ने राज्य के मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय का स्थानांतरण केन्द्र में कर दिया था। इस आदेश के तहत अलापन बंद्योपाध्याय को 31 मई की सुबह 10 बजे दिल्ली में रिपोर्ट करने का निर्देश दिया गया। लेकिन सूत्रों के अनुसार बंगाल सरकार उन्हें रिलीव नहीं कर रही है। वह दिल्ली नहीं जा रहे हैं। वह सोमवार को नवान्न में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नेतृत्व में होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में यास चक्रवाती तूफान और कोरोना महामारी से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। बैठक में राज्य के विभिन्न विभाग के सचिव भी शामिल होंगे।
उल्लेखनीय कि बंगाल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार से अलापन बंद्योपाध्याय का कार्यकाल बढ़ाने का आग्रह किया था। इस पर केंद्रीय कैबिनेट सचिव ने 24 मई को अलापन का कार्यकाल तीन महीने बढ़ाने के आदेश दिए थे। मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय का कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा था। अब तीन माह के विस्तार के बाद दिल्ली तबादला किए जाने को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही है।
सूत्रों के अनुसार केंद्र सरकार के फैसले को बंगाल सरकार कोर्ट में चुनौती दे सकती है। इस बीच खबर यह भी है कि मुख्य सचिव अलापन बंद्योपाध्याय ने अपने पद से इस्तीफा देने का मन बना लिया है। हालांकि अभी फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।


