
Deoghar: देवघर नगर थाना क्षेत्र में चोरों का आतंक बढ़ गया है। चोर हर दूसरे दिन बड़े दुकानों पर अपना हाथ साफ कर रहे हैं। ताजा घटना नगर थाना से कुछ ही दूरी पर घटा है। कचहरी रोड स्थित इलेक्ट्रॉनिक शो रूम कनिष्का इंटरप्राइजेज में चोरी हुई है।

बुधवार की देर रात चोरों ने कनिष्का इंटरप्राइजेज को अपना निशाना बनाया। जहां मोबाइल सहित कई उपकरण को चोर ले उड़े।

कनिष्का इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर कनिष्क कश्यप ने बताया कि देर रात चोरी हुई है। जिसकी जानकारी सुबह दुकान खुलने पर हुई। कई उपकरण चोर ले गए हैं जिसमें मोबाइल ज्यादा है। उन्होंने बताया कि कई ब्रांड्स के कीमती मोबाइल समेत अन्य एस्सेसिरिज चोर ले उड़े हैं। जिसकी कीमत चार लाख से ज्यादा है।
उन्होंने कहा कि शहर में इन दिनों चोरों का आतंक बढ़ा हुआ है। ऐसे में रात के समय पुलिस को अपनी गश्ती और मजबूत करने की जरूरत है। ताकि व्यवसाई बेख़ौफ होकर कारोबार कर सकें।
बता दें कि रविवार की देर रात भी चोरों ने चार दुकानों में लाखों की चोरी की थी। थाना इलाके के बैजू मंदिर गली एवं गंगा हरि लेन स्थित चार दुकानों का शटर तोड़कर लगभग 5 लाख की मोबाइल और नकद सहित सामान कि चोरी हुई थी। बताया जा रहा कि चोर 10 से 12 की संख्या में चोरी करने पहुंचे थे। दुकान में लगे सीसीटीवी में भी चोर चोरी करते कैद हुए हैं। लेकिन चार दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं और चोर दूसरे दुकानों को निशाना बना रहे हैं।







