
weather update: पूरे उत्तर भारत में शीतलहर का आगाज हो चुका है। वहीं पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर जारी है। मौसम विभाग ने कल भी कई जगहों पर ठंड और शीतलहर की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश के आसार हैं।

आईएमडी के अनुसार कल तमिलनाडु और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत में और अगले तीन दिनों तक मध्य भारत में शीतलहर की स्थिति बने रहने की संभावना है। कल उत्तर पश्चिम भारत, मध्य भारत, महाराष्ट्र और ओडिशा के अंदरूनी हिस्सों में शीतलहर चल सकती है।
सौराष्ट्र के नलिया और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छा सकता है। मेघालय, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी घना कोहरा छा सकता है। इसके अलावा हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में शीतलहर चलने के आसार हैं।
आने वाले 24 घंटों में दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। अगले दो दिनों के बाद, यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए एक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और तमिलनाडु के तटों तक पहुंच सकता है। अंडमान और दक्षिण अंडमान समुद्र के पास एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
मौसम विभाग ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा तमिलनाडु के कुछ इलाकों में भी बारिश हो सकती है।


