Weather Updates : अरब सागर में गहरा दबाव चक्रवात “शाहीन” में तब्दील हो चुका है जिसका असर कई राज्यों में नजर आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवाती तूफान ‘शाहीन’ के कारण सात राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और गुजरात में भारी बारिश के आसार हैं। झारखंड के कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। बिहार के भी कई जिलों में बारिश हो रही है।
अरब सागर में बना कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान ‘शाहीन’ में तब्दील हो गया। इसके ‘ गंभीर चक्रवाती तूफान’ में परिवर्तित होने की संभावना है। IMD के चक्रवात चेतावनी प्रकोष्ठ ने बताया कि यह तूफान प्रणाली भारतीय तट से दूर जा रही है। पूर्वोत्तर अरब सागर के ऊपर बना चक्रवाती तूफान शाहीन 20 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से पश्चिम- उत्तर पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और उत्तरी अरब सागर के मध्य हिस्से में यह पहुंच रहा है।
अगले 48 घंटे बिहार में भारी बारिश होने वाले हैं। खासतौर पर उत्तर-पूर्वी बिहार और मध्य बिहार में भारी बारिश के आसार हैं। दरअसल इन क्षेत्रों में निम्न दबाव का केंद्र और चक्रवाती दशाएं मजबूत बनी हुई हैं। मॉनसून सीजन खत्म होने के बाद भी निष्क्रिय हो चुका मॉनसून जोरदार ढंग से सक्रिय हो गया है।
झारखंड के गिरिडीह जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने बहुत तबाही मचाई है और इस दौरान पीरटांड़ थाना के बांध पंचायत के केंदुआडीह गांव में बीती देर रात मकान धंसने से पति-पत्नी की मौत हो गयी। जबकि सरिया थाना क्षेत्र में नदी की तेज धारा में बह जाने से पूरन महतो नाम के व्यक्ति की मौत हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि जिले में भारी बारिश से कई कच्चे मकान भी गिर गए हैं जिससे अनेक लोग बेघर हो गये। कई स्थानों पर पुल और सड़क मार्ग को भी क्षति पहुंची है।
राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां आज हल्की बूंदा-बांदी हो सकती है। मौसम विभाग की वेबसाइट पर शनिवार को भी हल्की बारिश का अनुमान व्यक्त गया है। अगले तीन दिनों के दौरान आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश या बूंदा बांदी होने की संभावना मौसम विभाग ने व्यक्त की है।