
Deoghar: देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के रामपुर इलाके की रहने वाली एक महिला से साइबर ठगों ने 30 हजार रूपये की ठगी कर ली।

महिला का बेटा बाहर में रहकर काम करता है। पीड़िता का नाम पुतूल देवी है। उसने साइबर थाना में आवेदन देकर शिकायत किया है। कहा है कि उसके मोबाइल पर एक अंजान नंबर से कॉल आया। कहा गया कि तुम्हारा बेटा रेप केस में फंस गया है। जल्दी से 1.50 लाख रूपये भेजो तभी छोड़ेगें।

काफी मिन्नत करने पर उससे अंत में 60 हजार रूपये की मांग की गयी। उसने अपने खाता से बैंक जाकर उसे 30 हजार रूपये भेज दिया। उपरांत उसका फोन नहीं उठाने लगा। कुछ देर बाद जब बेटे से फोन पर बात हुई तो उसने कहा कि वह ठीक है वह काम पर है।
उपरांत उसे अपने साथ धोखाधड़ी होने का अहसास हुआ।
छात्रा से 10 हजार की साइबर ठगी
इधर, दूसरा मामला नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक छात्रा ने साइबर थाना में दर्ज कराया है। बताया कि ऑनलाइन गिफ्ट आर्डर किया था। गिफ्ट नहीं पहुंचा तो गूगल सर्च इंजन से कस्टमर केयर का नंबर निकालकर कॉल की तो उसे एक नंबर देकर बात करने को कहा गया।
उस पर जेनरल कॉल नहीं हुआ तो वाट्सअप कॉल की। उपरांत उसे झांसे में लेकर दो-तीन स्कैनर देकर जीएसटी व सीजीएसटी के नाम पर अलग-अलग एकाउंट में 10000 रूपये ट्रांसफर करा लिया। इसके बावजूद भी उससे पैसा मांगता रहा तो ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद वह शिकायत देने साइबर थाना पहुंची।
दोनों मामले में साइबर पुलिस शिकायत लेकर छानबीन में जुट गयी है।


