
Noida: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के इकोटेक 3 थाना क्षेत्र में एक इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स (electronic parts) बनाने वाली कंपनी में मच्छर भगाने वाले छिड़काव के बाद कम से कम 16 महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं। महिलाओं को रविवार शाम पास के एक निजी अस्पताल (private hospital) में भर्ती कराया गया।
अस्पताल पहुंचे महिला के परिजनों ने हंगामा कर कंपनी प्रबंधन पर आरोप लगाया। मिली जानकारी के अनुसार रविवार को कंपनी में काम चल रहा था और इस दौरान प्रबंधन ने मच्छर भगाने वाली दवा का छिड़काव कराया।

दवा का छिड़काव तेज था, जिससे कंपनी में काम करने वाली महिलाओं की हालत कुछ देर बाद बाद बिगड़ने लगी। कंपनी में काम करने वाली 16 महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं, जिससे कंपनी परिसर में लगभग अफरा-तफरी जैसी स्थिति हो गई। प्रबंधन ने अन्य कर्मचारियों की मदद से बेहोश महिला को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।

बताया जा रहा है कि फिलहाल सभी महिलाओं की हालत में सुधार है। पीड़ित महिला के परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस कार्रवाई करने पर विचार कर रही है।



