Dumka: दुमका जिला के जरमुंडी प्रखंड स्थित आमगाछी गांव में एक गड्ढे से डेढ़ साल की बच्ची का शव बरामद किया गया। जिसके बाद इलाके में सनसनी फ़ैल गयी। ग्रामीणों ने तो बच्ची के शव को दफन कर दिया लेकिन माँ की गुहार पर पुलिस ने दफन शव को बाहर निकाला है।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि जरमुंडी थाना को एक लिखित शिकायत आमगाछी गांव की महिला बबीता देवी ने दिया था। आवेदन में लिखा है मेरी बेटी को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा मार कर डोभा में फेंक दिया है। लिखित शिकायत पर पुलिस जांच पड़ताल करने गांव पहुंची तो पता चला मृतका की मां बबीता देवी बच्ची को घर में छोड़कर दुकान गई थी। इस दौरान घर लौटने पर बच्ची को नहीं देखा। काफी खोजबीन के बाद पास के गड्ढे से बच्ची को बरामद किया गया। सभी ग्रामीणों की सहमति से बच्ची को गड्ढे में दफनाया गया। लेकिन बच्ची की मां जरमुंडी थाना पहुंचकर न्याय की गुहार के लिए आवेदन दिया था।
जिसके बाद प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट अंचलाधिकारी राजकुमार प्रसाद और इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी दयानंद साह एएसआई विजय कुमार सिंह और पुलिस बल के साथ गड्ढे से डेढ़ वर्षीय बच्ची का दफन शव निकाला गया। मजिस्ट्रेट के साथ जरमुंडी थाना पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।