
New Delhi: चीन के ग्वांगडोंग प्रांत से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने पुराने सिम कार्ड्स और खराब चिप्स के ढेर से भारी मात्रा में शुद्ध सोना निकालकर सबको हैरान कर दिया है।

चीन के हुइझोउ शहर के रहने वाले किआओ नामक व्यक्ति ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। किआओ ने लगभग 2 टन ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा), जिसमें मुख्य रूप से पुराने सिम कार्ड और इलेक्ट्रॉनिक चिप्स शामिल थे, को प्रोसेस करके 191.73 ग्राम शुद्ध सोना निकाला।

वायरल वीडियो में किआओ ने इस ‘सोना निकालो अभियान’ की पूरी प्रक्रिया दिखाई है। इसमें पुराने सिम कार्ड्स को पहले विशेष केमिकल से भरे ड्रमों में डाला गया, फिर उन्हें जलाकर और कई रासायनिक प्रक्रियाओं (Chemical Processing) से गुजारकर अंत में चमचमाता हुआ सोना हासिल किया गया।
किआओ के मुताबिक, सिम कार्ड और कंप्यूटर चिप्स के सर्किट पॉइंट्स पर सोने की बेहद पतली परत चढ़ाई जाती है। सोना जंग रोधी (Corrosion resistant) होता है, जिससे सिम कार्ड सालों-साल बिना खराब हुए डेटा ट्रांसफर कर सकता है। एक सामान्य सिम कार्ड में लगभग 0.001 ग्राम सोना होता है।
हालाँकि, किआओ ने लोगों को इसे घर पर आजमाने के खिलाफ सख्त चेतावनी भी दी है। किआओ के अनुसार सिम और चिप्स को जलाने और केमिकल के इस्तेमाल से बेहद जहरीला धुआं निकलता है, जो जानलेवा हो सकता है। कई देशों में बिना लाइसेंस के रसायनों का उपयोग और ई-वेस्ट प्रोसेसिंग गैर-कानूनी है। यह प्रक्रिया आम लोगों के लिए खतरा हो सकती है क्योंकि यह केवल लैब और विशेषज्ञों की देखरेख में ही संभव है।
(Source: X)


