


झारखंड
पलामू।

सोमवार को पलामू के पुलिस सब इंस्पेक्टर अवध किशोर पाण्डेय को 15 हजार रुपए रिश्वत लेते ACB की टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया। SI पकड़े गए एक ट्रैक्टर को छोड़ने के लिए रिश्वत ले रहा था।
नावाबाजार के ब्रहमोरिया के रहने वाले उपेंद्र नाथ पांडेय ने गाड़ी छोड़े जाने के लिए पैसे मांगे जाने की शिकायत ACB से की थी। उपेंद्र नाथ पांडेय ने ACB को बताया था कि उनका ट्रैक्टर तोलरा गांव में एक ईंट भट्ठा से मिट्टी गिराकर लौट रहा था। इसी दौरान नवगढ़ा ओपी के प्रभारी अवध किशोर पांडेय ने ट्रैक्टर को रोक लिया और ओपी में लगवा दिया। ड्राइवर द्वारा फोन करने पर उपेन्द्र ओपी गया तो प्रभारी बोले कि बालू लोड करते हो और मुझे पैसे नहीं देते हो। जब उपेन्द्र ने उन्हें बताया कि उसकी गाड़ी बालू उठाव में नहीं चलती है तो वे आगबबूला हो गए। उन्होंने कहा कि 20 हज़ार रुपए दो नहीं तो झूठा केस बनाकर ट्रैक्टर के साथ तुमको भी जेल भेज देंगे। पैसा लेकर आने तक बाइक भी ओपी में रखवा ली।
शिकायतकर्ता ने आगे बताया कि जब उसने कहा कि पैसा नहीं है तो ओपी प्रभारी ने उसे पैसा लेकर आने तक मोटरसाइकिल छोड़कर जाने को कहा। जिसकी शिकायत उसने एसीबी को की । शिकायत के बाद सोमवार को एसीबी की टीम नवगढ़ा पहुंची। इसके बाद उपेंद्र पांडेय घूस की रकम लेकर सब इंस्पेक्टर अवध किशोर पांडेय के पास उनके कार्यालय में गए। जैसे ही SI ने घूस की रकम ली, एसीबी की टीम ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार SI गिरिडीह ज़िले के धनवार थाना के नवागढ़ गांव का रहने वाला है। ACB की टीम SI को गिरफ्तार कर अपने साथ डालटनगंज ले गई।



