
बिहार
पटना।

बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने रविवार तड़के एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। इस वारदात को अपराधियों ने अहले सुबह चार बजे के करीब अंजाम दिया।

बताया जा रहा महिला मीठापुर बस स्टैंड से ऑटो में सवार होकर अपने घर जा रही थी। जैसे ही ऑटो चिरैंयाटांड़ पुल के पास पहुंचा, ऑटो को ओवरटेक कर एक बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंच गए। अपराधियों की नजर ऑटो में रखे महिला के सामान पर थी। वो उसे लूटना चाहते थे, लेकिन महिला ने दिलेरी दिखाई। वो अपराधियों से भिड़ गई। उसने शोर भी मचाया। अपराधियों को पकड़े जाने का डर सताने लगा, जिसके बाद एक अपराधी ने पिस्टल निकाली और सीधे महिला पर फायरिंग कर दी। महिला को गोली लगी। ऑटो की सीट खून से लथपथ हो गई। अपराधी मौके से फरार हो गए।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उस वक्त महिला की सांस चल रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने ही गंभीर हालत में घायल महिला को लेकर पीएमसीएच पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई।
पुलिस मामले की जांच कर रही है।



