पटना (बिहार)

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के लिए महागठबंधन के नेताओं ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीटों के बंटवारे के ऐलान कर दिया. पटना में जिस वक्त महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस हो रही थी उस दौरान हंगामा भी देखने को मिला. महागठबंधन का हिस्सा विकासशील इंसान पार्टी( वीआईपी) के प्रमुख मुकेश सहनी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार किया. इस दौरान तेजस्वी यादव मुर्दाबाद के नारे भी लगाए गए.

राजद नेता तेजस्वी यादव सीट शेयरिंग की घोषणा कर ही रहे थे कि पूरा हॉल मुर्दाबाद-मुर्दाबाद के नारे से गूंजने लगा.

वीआईपी के नेताओं ने कहा कि वादा कुछ और किया गया जबकि किया कुछ और गया. मुकेश सहनी ने सीटों को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि तेजस्वी यादव ने मेरे साथ धोखा किया है. इसके साथ ही उन्होंने महागठबंधन से अलग होने का ऐलान कर दिया. कहा कि राजद ने सीटों को एडजस्ट करने की बात कही थी लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया और पीठ में छूरा भोंका है.
मुकेश सहनी ने ट्विटर पर लिखा आज राजद के द्वारा अतिपिछड़ों के पीठ में खंजर मारा गया है. अतिपिछड़ा समाज से होने के कारण हमारे सुप्रीमो, सन ऑफ मल्लाह मुकेश सहनी जी के साथ राजद ने जो धोखा किया है, पूरा अतिपिछड़ा समाज और वीआईपी पार्टी इसका प्रतिकार करती है. जनता इस चुनाव में राजद को सबक सिखाने वाली है.
इससे पहले तेजस्वी यादव ने कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि सभी दलों ने मेरे नेतृत्व पर जो विश्वास जताया है, मैं वादा करता हूं कि सभी के वादों पर खरा उतरूंगा. उन्होंने कहा कि बिहार के डबल इंजन की सरकार आईसीयू में है. उन्होंने ऐलान किया बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन के तहत राजद के खाते में 144 सीटें आई हैं जिसमें से कुछ सीटें जेएमएम और वीआईपी को भी दी जाएंगी. वाल्मिकी नगर लोकसभा उपचुनाव का टिकट कांग्रेस को दिया गया है. कांग्रेस को 70, भाकपा माले को 19 , सीपीआई को 6 औऱ सीपीएम को 4 सीटें दी गईं है. बता दें कि मुकेश सहनी प्रेस कॉन्फ्रेस में मौजूद थे.
दरअसल, मुकेश सहनी ने 25 सीट और डिप्टी सीएम का पद मांगा था. लेकिन मुकेश सहनी की पार्टी को आरजेडी अपने कोटे से सीटें देगी. इसके साथ ही मुकेश साहनी ने महागठबंधन से अलग होने का ऐलान कर दिया है और वो NDA से जुड़ सकते हैं. मुकेश सहनी ने कहा कि हमारे साथ जो हो रहा है वो सही नहीं है. मैं इस गठबंधन से बाहर जा रहा हूं और कल मीडिया को संबोधित करूंगा.





