
Ahmedabad: भारत-पाकिस्तान के बीच 14 अक्टूबर को वर्ल्ड कप 2023 के ग्रुप स्टेज का मुकाबला होगा। यह मुकाबला भारत और पाकिस्तान में रहने वाले दो परिवारों के मुलाकात का कारण भी बनेगा। पाकिस्तानी क्रिकेटर की ढाई साल की बेटी पहली बार नाना से मिलेगी जो भारत में रहते हैं। भारत में लियाकत खान और उनका परिवार बड़ी आतुरता से 14 अक्टूबर के मुकाबले का इंतजार कर रहा है।

हरियाणा के नूंह जिले की चंदेनी गांव में रहने वाले सेवानिवृत्त ब्लॉक अधिकारी लियाकत खान की पुत्री सामिया ने वर्ष 2019 में पाकिस्तानी फास्ट बॉलर हसन अली के साथ दुबई में शादी की थी। हसन अली और सामिया की बेटी का नाम हेलेना हसन अली है। सामिया ने 6 अप्रैल 2021 को बेटी को जन्म दिया।

शादी के बाद चार वर्षों में सामिया एक बार भी भारत नहीं आ पाई। लियाकत खान ने बताया कि जब हमारी नतिनी का जन्म था तो मेरी पत्नी पाकिस्तान गई थी। अब हम एकबार फिर अहमदाबाद में मिल सकते हैं, ऐसी आशा है। मैं अपनी नतिनी को पहली बार देखने के लिए उत्सुक हूं।
हालांकि काफी अनिश्चतता के बाद लियाकत खान के परिवार को बेटी और नतिनी से मुलाकात का मौका मिलेगा। दरअसल, उनके दामाद हसन अली को पाकिस्तान ने वर्ल्डकप टीम में शामिल नहीं किया था। बाद में पाकिस्तानी गेंदबाज नसीम शाह के घायल होने के कारण हसन अली को मौका मिल गया।
सामिया ने फरीदाबाद के मानव रचना यूनिवर्सिटी से बीटेक (एरोनॉटिकल) की डिग्री ली है। पहले उनकी जेट एयरवेज में नौकरी लगी थी। शादी के समय वह एयर अमीरात में फ्लाइट इंजीनियर के पद पर कार्यरत थीं। सामिया के परिवार का पाकिस्तान से काफी पुराना संबंध है। लियाकत अली के अनुसार देश के बंटवारे के समय पाकिस्तान के पूर्व सांसद एवं पाकिस्तान रेलवे बोर्ड के चेयरमैन रहे सरदार तुफैल उर्फ खान बहादुर और उनके दादा सगे भाई थे। उनके परिवार के लोग फिलहाल पाकिस्तान के कसूर जिला के कच्ची कोठी नईयाकी में रहते हैं। उनके जरिए ही सामिया का रिश्ता तय हुआ था।
(Input: HS)


