Ranchi: आंध्र प्रदेश में 23 मार्च से तीन अप्रैल तक 12वीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय महिला जूनियर हॉकी चैंपियनशिप (12th Hockey India National Women Junior Hockey Championship) का आयोजन होना है। इसके लिए हॉकी झारखंड के जूनियर महिला हॉकी टीम के गठन के लिए शनिवार को बालिका उच्च विद्यालय, बरियातू (रांची) में ओपेन चयन ट्रायल हुआ।
इस ट्रायल में झारखंड के अलग-अलग जिलों से आयी 72 महिला हॉकी खिलाड़ियों ने भाग लिया। इन खिलाड़ियों में से कुल 25 खिलाड़ियों का चयन किया गया। हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह के मुताबिक इनका विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित कर सर्वश्रेष्ठ 18 खिलाड़ियों को हॉकी झारखंड की ओर से चुना जायेगा।
इसके बाद चयनित खिलाड़ियों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलने का अवसर मिलेगा। 27 फरवरी को जूनियर एवं सीनियर पुरुष हॉकी टीम के लिए ट्रायल होना है।
चयन ट्रायल में मुख्य रूप से भारतीय हॉकी टीम की पूर्व कैप्टन असुंता लकड़ा, हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, कोषाध्यक्ष आश्रिता लाकड़ा और बिगन सोय भी उपस्थित थी।