नई दिल्ली: भारतीय हॉकी टीम ने बर्मिंघम 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स से अपना नाम वापस ले लिया है। कोविड की स्थिति और क्वारंटीन के नियमों की वजह से भारतीय टीम ने यह फैसला लिया है। ब्रिटेन में किसी भी बाहरी के लिए 10 दिन का अनिवार्य क्वारंटीन है।
हॉकी इंडिया ने इसको लेकर एक बयान भी जारी किया है। उन्होंने इसमें लिखा- यूरोप में इंग्लैंड ही ऐसा देश है जो कोरोना से बुरी तरह प्रभावित है। हमारी प्राथमिकता एशियाई खेल है। एशियन गेम्स 2022 में चीन के हांगझू में होने जा रहा है। इस टूर्नामेंट से 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर सकेंगे।
वहीं, कॉमनवेल्थ गेम्स अगले साल 28 जुलाई से आठ अगस्त तक बर्मिंघम में होना है। कॉमनवेल्थ गेम्स और 10 सितंबर से होने वाले एशियाई खेलों के बीच सिर्फ 32 दिनों का अंतर है। हॉकी इंडिया के इस फैसले से अब भारतीय महिला ह़ॉकी और पुरुष हॉकी की टीम बर्मिंघम नहीं जाएगी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेंद्रो निंगोमबम द्वारा हस्ताक्षर किए गए पत्र में कहा गया है, “हाल ही में टोक्यो ओलंपिक खेलों के दौरान भारतीय एथलीटों और अधिकारियों पर इस तरह के भेदभावपूर्ण प्रतिबंध नहीं लगाए गए थे। टीका ले चुके खिलाड़ियों को 10 दिन तक क्वांरटीन में रहना होगा। इससे उनका प्रदर्शन प्रभावित हो सकता है। हमें लगता है कि ये प्रतिबंध भारत के खिलाफ पक्षपाती हैं और हम इसे बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हैं।”