
Ranchi: हेमंत सोरेन के सीएम बनने के बाद यह पहला मौका है कि आज (12 जुलाई) को पीएम मोदी झारखंड दौरे पर हैं। पीएम मोदी ने देवघर में एयरपोर्ट के साथ करोड़ों की 24 योजनाओं का शुभारंभ व शिलान्यास किया। 10 किलोमीटर तक रोड शो करते हुए पीएम बाबा मंदिर पहुंचे। इस दौरान रोड के दोनों किनारे पीएम की झलक पाने को हुजूम उमड़ा। पीएम मोदी के देवघर दौरे को साल बनाने के लिए झारखंड की तमाम मीडिया, राजनीतिक पार्टियां और सरकार पिछले 10 दिनों से जुटी है। बीजेपी की झारखंड यूनिट के अलावा झारखंड का पूरा सरकारी महकमा सीएम हेमंत सोरेन समेत सभी देवघर में डेरा डाले हुए थे। लेकिन इन सभी चीजों पर अगर कोई भारी पड़ रहा है, तो वो हैं गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे।

देवघर में एम्स और एयरपोर्ट बनाने का क्रेडिट शुरू से ही डंके की चोट निशिकांत पीएम मोदी को देते रहे। इधर, निर्माण कार्य में कोताही बरतने पर जिला प्रशासन और सरकार दोनों पर हमेशा से ही हमलावर रहे। एयरपोर्ट के मामले में वो सीएम हेमंत सोरेन से लेकर देवघर डीसी मंजूनाथ से हमेशा दो-दो हाथ करने के लिए तैयार रहते थे। यहां तक कि एयरपोर्ट के एप्रोच रोड के लिए वो हाईकोर्ट तक चले गए। जेएमएम या कांग्रेस ने जब भी कभी एयरपोर्ट निर्माण का क्रेडिट लेना चाहा तो उन्होंने एक सधे हुए राजनीतिज्ञ के तौर पर दोनों पार्टी को बैकफुट पर धकेला।
निशिकांत पहले दिन से तैयार कर रहे थे रणनीति

अपने संसदीय क्षेत्र में वो इतने हावी थे कि गोड्डा स्टेशन से दिल्ली के लिए ट्रेन खुलने के उद्घाटन समारोह में वहां के विधायक प्रदीप यादव के साथ हाथापायी की नौबत आ गयी थी। बीजेपी और कांग्रेस समर्थक तो आपस में भिड़े ही, निशिकांत और प्रदीप यादव भी आपस में भिड़ते दिखे। लेकिन, जब बात एयरपोर्ट उद्घाटन की आयी तो निशिकांत 15 दिन पहले से ही देवघर में कैंप किया। जबकि अमूमन वो दिल्ली प्रवास पर रहते हैं। पीएम मोदी के दौरे की घोषणा उन्होंने अपनी पार्टी और केंद्र से पहले ही कर दी। एक-एक सूचना सोशल मीडिया पर ऐसे डालते रहे जैसे वो सूचना दे नहीं रहे, बल्कि प्रोग्राम का शेड्यूल तय कर रहे हैं।
पोस्टर से पार्टी के सूरमा को भी चित कर दिया
पीएम मोदी जब भी रघुवर दास के कार्यकाल में झारखंड आए। पोस्टरों पर बीजेपी के बड़े से लेकर छोटे कार्यकर्ता सभी दिखे। लेकिन इस बार के देवघर दौरा में निशिकांत दुबे ने गजब की राजनीतिक चाल चली। वो जानते थे कि सिर्फ बीजेपी ही नहीं बल्कि देश की तमाम पार्टियां ये जान रही है कि पीएम मोदी के कार्यक्रम का जिम्मा उनपर ही है। लिहाजा उन्होंने पोस्टरों पर अपनी भी तस्वीर नहीं लगायी। क्योंकि ऐसे भी पूरे कार्यक्रम का क्रेडिट निशिकांत को ही मिल रहा था। पोस्टरों में सिर्फ पीएम मोदी ही दिखे।
निशिकांत की लोकप्रियता का अंदाजा उनके सोशल अकॉउंट से लगाइये
पीएम मोदी के कार्यक्रम से पहले बाबूलाल मरांडी, दीपक प्रकाश या रघुवर दास भले ही संथाल के कई हिस्सों में गए और कार्यक्रम का प्रचार किया। लेकिन फोकस में सिर्फ निशिकांत रहे। निशिकांत दुबे की सक्रियता इस बात से समझी जा सकती है कि पीएम मोदी दिल्ली से चले तो निशिकांत ने फेसबुक पर इस बात की जानकारी दी। इस जानकारी वाले पोस्ट को महज 15 मिनट में 1200 लाइक मिले। पीएम मोदी के दिल्ली रवानगी से पहले निशिकांत ने फेसबुक पर लाइव आकर लोगों से अपील की, कि वो रोड शो में हिस्सा लें। उन्होंने लाइव के दौरान पबल्कि को आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन उनका पूरा साथ देगी। यह भी कहा कि पीएम मोदी आप लोगों से ही मिलने आ रहे हैं। निशिकांत की एक अपील पर हजारों लोग रोड के किनारे कड़ी धूप में अपने प्रधानमंत्री की झलक पाने को गर्मजोशी के साथ खड़े रहे।
कार्यक्रम पीएम का, चैंपियन बनें निशिकांत
कार्यक्रम के दौरान निशिकांत दुबे का कॉनफिडेंस देखकर ही लग रहा था कि वो जानते हैं, कि ये पीएम मोदी का कार्यक्रम है, लेकिन उसके हीरो वो खुद यानी निशिकांत हैं।


