
देवघर : देवघर के प्रसिद्ध कवि दिनेश देवघरिया (famous poet Dinesh Deogharia) को मां मालती स्मृति सम्मान (Maa Malti Devi Memorial Award) से नवाजे जायेंगे। दिनेश देवघरिया को यह सम्मान कविता कोश एवं नालंदा जिला हिदी साहित्य सम्मेलन के तत्वावधान में दिया जाएगा।

14 सितंबर को हिन्दी दिवस पर मां मालती स्मृति 2021 से कवि दिनेश सम्मानित किये जायेंगे। हिन्दी साहित्य व समाज को उत्कृष्ट योगदान देने वालों को माँ मालती स्मृति सम्मान से अलंकृत किया जाता है। इस सम्मान के लिए देश के अलग-अलग प्रांतों से पांच विभूतियों का चयन किया गया है। इसमें देवघर निवासी युवा राष्ट्रीय कवि दिनेश देवघरिया भी शामिल हैं।

दिनेश देवघरिया राष्ट्रीय कवि संगम जैसे देशव्यापी संस्था के राष्ट्रीय मंत्री के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। इनकी ओजस्वी कविताएं अक्सर देश के तमाम बड़े कवि सम्मेलनों और राष्ट्रीय चैनलों से लोगों को जागृत करती हैं।
बता दें कि विगत सात वर्षों से लगातार मां मालती देवी की स्मृति में यह सम्मान समारोह होता आ रहा है। मां मालती देवी सम्मान 2021 को लेकर कार्यकारिणी की आनलाइन बैठक में दिनेश देवघरिया का चयन किया गया। सभी सम्मानित विभूतियों को एक भव्य कार्यक्रम में स्मृति चिन्ह, अंग वस्त्र, प्रमाण पत्र प्रदान किया जाएगा। मौके पर देश भर के चुनिंदा कवियों के कविताओं का संग्रह का लोकार्पण भी होगा।



